फतेहगढ़ साहिब। पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले में बुधवार को दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सरहिंद और मंडी गोबिंदगढ़ के बीच श्रद्धालुओं से भरी निजी बस की आगे चल रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक बुजुर्ग श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हो गए। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमृतसर के जंडियाला गुरु क्षेत्र के गांव धरड़ और आसपास के चार-पांच गांवों के करीब 50 श्रद्धालु 23 नवंबर को हरियाणा के करनाल स्थित सत करतार गुरुद्वारा साहिब में गुरुपर्व मनाने गए थे। बुधवार सुबह करीब नौ बजे सभी श्रद्धालु निजी बस से अपने गांव लौट रहे थे।
दोपहर करीब 12 बजे जब बस सरहिंद और मंडी गोबिंदगढ़ के बीच पहुंची, तभी चालक का संतुलन बिगड़ गया और बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का चालक की तरफ का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं, ट्रक अनियंत्रित होकर हाईवे के डिवाइडर पर चढ़ गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
एक की मौत, पांच गंभीर घायल
सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। एसएसपी शुभम अग्रवाल समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए मंडी गोबिंदगढ़ और फतेहगढ़ साहिब के सिविल अस्पतालों में पहुंचाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने गांव धरड़ निवासी 60 वर्षीय दिलबाग सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, 15 घायलों में से पांच की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें चंडीगढ़ और पटियाला के अस्पतालों में रेफर किया गया। इनमें छह वर्षीय इंदरपाल सिंह और उसके पिता हरजीत सिंह भी शामिल हैं, जिन्हें पीजीआई चंडीगढ़ भेजा गया।
ट्रक चालक मौके से फरार
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। दुर्घटना के कारण दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लग गया और यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।



