Top 5 This Week

Related Posts

‘बच्चे माता-पिता की संपत्ति या खिलौने नहीं’, सुप्रीम कोर्ट ने मां को सौंपी दो बेटों की कस्टडी, पिता को मिलेगा मुलाकात का अधिकार

नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने बच्चों की कस्टडी को लेकर एक अहम फैसला सुनाते हुए स्पष्ट किया है कि नाबालिग बच्चों की अभिरक्षा तय करते समय उनका कल्याण सबसे महत्वपूर्ण होता है। अदालत ने कहा कि बच्चे माता-पिता की संपत्ति या खिलौने नहीं हैं। उनके भविष्य, भावनात्मक जुड़ाव और जरूरतों को ध्यान में रखकर ही कस्टडी का फैसला किया जाना चाहिए।

जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस अपरेश कुमार सिंह की पीठ ने तलाकशुदा दंपती के दो नाबालिग बेटों की कस्टडी से जुड़े मामले में मद्रास हाई कोर्ट का फैसला पलट दिया। शीर्ष अदालत ने दोनों बच्चों की कस्टडी उनकी मां को सौंपने का आदेश दिया।

मां के साथ रहना चाहते हैं दोनों बच्चे

यह मामला 16 और 14 वर्ष के दो बेटों से जुड़ा है। उनके माता-पिता का विवाह अगस्त 2009 में हुआ था। दोनों वर्ष 2014 से अलग रह रहे थे और वर्ष 2018 में उनका तलाक हो गया था। दोनों बच्चे मई 2014 से लगातार अपनी मां के साथ रह रहे हैं।

मां ने मद्रास हाई कोर्ट के अक्टूबर 2024 के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। हाई कोर्ट ने पारिवारिक अदालत के उस आदेश को बरकरार रखा था, जिसमें बच्चों की कस्टडी पिता को देने का निर्देश दिया गया था।

सुप्रीम कोर्ट ने पाया कि दोनों बच्चे अपनी मां के साथ रहना चाहते हैं। मां ने तलाक के बाद अकेले ही उनकी परवरिश की और उनकी शिक्षा एवं देखभाल का पूरा ध्यान रखा। ऐसे में उन्हें मां से अलग करना उचित नहीं होगा।

पिता को भी मिलेगा बच्चों से मिलने का अधिकार

अदालत ने स्पष्ट किया कि बच्चों को पिता के प्यार और स्नेह से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। इसके लिए पिता को हर महीने के दूसरे शनिवार और रविवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक बच्चों से मिलने की अनुमति दी गई है।

पीठ ने यह भी कहा कि बच्चों के उचित और संतुलित विकास के लिए माता-पिता दोनों का स्नेह जरूरी है। पिता को बच्चों के भविष्य से जुड़े शैक्षणिक खर्च में भी योगदान देने के लिए तैयार रहना चाहिए।

सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में दोहराया कि बच्चों की कस्टडी का निर्णय माता-पिता के कानूनी अधिकारों के बजाय बच्चों के सर्वोत्तम हित को प्राथमिकता देकर किया जाना चाहिए।

Popular Articles