नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि जलवायु परिवर्तन भारत और नेपाल दोनों देशों के लिए एक साझा चुनौती है। इससे निपटने के लिए दोनों पड़ोसी देशों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने आपदा प्रबंधन और पूर्व चेतावनी प्रणालियों को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया।
राष्ट्रपति मुर्मु ने सोमवार को राष्ट्रपति भवन में नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह से मुलाकात के दौरान यह बात कही। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध साझा सभ्यतागत विरासत और दोनों देशों के लोगों के बीच गहरे आत्मीय रिश्तों पर आधारित हैं।
भोटेकोशी बाढ़ पीड़ितों के प्रति जताई संवेदना
राष्ट्रपति ने नेपाल में भोटेकोशी क्षेत्र में आई विनाशकारी बाढ़ के कारण हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल समय में भारत ने नेपाल को तत्काल मानवीय सहायता और तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराया है। भारत एक करीबी साझेदार के रूप में राहत, पुनर्वास और पुनर्निर्माण के प्रयासों में नेपाल का सहयोग जारी रखेगा।
अगस्त में आई बाढ़ से नेपाल में भारी तबाही हुई थी। इस आपदा में कम से कम 1,500 लोगों की मौत हुई और पांच हजार से अधिक लोग लापता बताए गए।
नेपाल के प्रधानमंत्री को दी बधाई
राष्ट्रपति मुर्मु ने प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह का भारत में स्वागत करते हुए मार्च 2026 के चुनावों में उनकी सरकार को मिले मजबूत जनादेश पर बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनकी सरकार नेपाल की जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने में सफल होगी।
मुर्मु ने भारत और नेपाल के बीच घोषित संयुक्त दृष्टि दस्तावेज को भविष्य के सहयोग के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इससे व्यापार, निवेश, बुनियादी ढांचे, विकास साझेदारी, संपर्क, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और नवाचार जैसे क्षेत्रों में सहयोग को नई दिशा मिलेगी।
द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर जोर
इस बीच नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने भी प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की भारत यात्रा को सकारात्मक बताया। उन्होंने कहा कि इस यात्रा से दोनों देशों के सदियों पुराने मैत्रीपूर्ण संबंधों को मजबूती मिली है। साथ ही आपसी सहयोग और जनसंपर्क बढ़ाने का रास्ता भी खुला है।




