इस्लामाबाद। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहाट जिले में शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान मस्जिद के पास हुए जोरदार धमाके में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 50 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
यह धमाका कोहाट के ओल्ड पुलिस लाइंस इलाके में स्थित एक मस्जिद के पास उस समय हुआ, जब बड़ी संख्या में लोग शुक्रवार की नमाज के लिए जुटे थे। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि मस्जिद का बाहरी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और एक दीवार भी गिर गई। घटनास्थल पर गड्ढा बनने की भी जानकारी सामने आई है।
विस्फोट के बाद गोलीबारी
पुलिस और बचाव अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में विस्फोटकों से लदे एक वाहन के मस्जिद के पास पहुंचने की बात सामने आई है। हालांकि, धमाके की सटीक परिस्थितियों और जिम्मेदार लोगों की पहचान की जांच जारी है। धमाके के बाद इलाके में गोलीबारी की आवाज भी सुनी गई।
रेस्क्यू टीमों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को कोहाट के जिला मुख्यालय अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल प्रशासन ने बड़ी संख्या में घायलों के पहुंचने के बाद आपातकाल घोषित कर दिया। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई गई है।
सड़क बंद, सुरक्षा बढ़ाई गई
धमाके के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया और तलाशी अभियान शुरू किया। कोहाट-हंगू रोड को यातायात के लिए बंद कर दिया गया। राहत और बचाव कार्य के साथ-साथ घटना की जांच भी जारी है।
फिलहाल किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने घटना की निंदा करते हुए घायलों को तत्काल बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।





