मनीला। दक्षिण चीन सागर में शुक्रवार को चीन और फिलीपींस के बीच एक बार फिर समुद्री टकराव हुआ। फिलीपींस के तटरक्षक बल के अनुसार, चीनी कोस्ट गार्ड के जहाज ने फिलीपीनी सरकारी पोत BRP दातु मगत सलामत को टक्कर मार दी। यह घटना पलावान तट से करीब 54 नॉटिकल मील दूर हुई। टक्कर में फिलीपीनी पोत के रेलिंग और डेक के ढांचे को नुकसान पहुंचा, हालांकि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
मछुआरों के लिए ईंधन पहुंचाने जा रहा था जहाज
फिलीपीनी अधिकारियों के मुताबिक, BRP दातु मगत सलामत ब्यूरो ऑफ फिशरीज एंड एक्वाटिक रिसोर्सेज (BFAR) का पोत है। यह फिलीपीनी मछुआरों के लिए ईंधन पहुंचाने के मिशन पर था। फिलीपीनी तटरक्षक बल का आरोप है कि चीनी जहाज ने पहले पोत के पीछे से बेहद करीब से रास्ता काटा और कुछ मिनट बाद दोबारा ऐसा करते हुए टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद फिलीपीनी पोत के एक हिस्से की रेलिंग मुड़ने और टूटने के साथ धातु के सपोर्ट तथा डेक पर मौजूद कुछ उपकरणों को नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है। फिलीपीनी तटरक्षक बल ने घटना का वीडियो भी जारी किया है।
चीन ने फिलीपींस को बताया जिम्मेदार
वहीं, चीन के कोस्ट गार्ड ने घटना की अलग तस्वीर पेश की है। चीनी पक्ष के अनुसार, फिलीपीनी जहाज ने बार-बार दी गई चेतावनियों को नजरअंदाज किया और अचानक अपना रास्ता बदलकर चीनी पोत के आगे से निकलने की कोशिश की, जिसके कारण टक्कर हुई। चीन ने अपने जहाज की कार्रवाई को पेशेवर और कानून के अनुरूप बताया है।
दक्षिण चीन सागर में चीन और फिलीपींस के बीच समुद्री सीमा और अधिकारों को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। दोनों देशों के जहाजों के बीच पहले भी कई बार आमना-सामना हो चुका है। ताजा घटना से क्षेत्र में जारी तनाव एक बार फिर सामने आया है।





