Top 5 This Week

Related Posts

निठारी कांड के आरोपी सुरेंद्र कोली की हरिद्वार में मौत, चाय की दुकान में फंदे पर मिला शव

हरिद्वार। बहुचर्चित निठारी कांड के आरोपी रहे सुरेंद्र कोली की शुक्रवार को हरिद्वार के भूपतवाला क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, उसका शव चाय के खोखे के अंदर फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, कोली पिछले कुछ समय से हरिद्वार में रह रहा था और छोटे-मोटे काम कर अपना गुजारा कर रहा था। वह कुछ दिन पहले ही भूपतवाला क्षेत्र में आया था और भारत माता मंदिर से पहले एक चाय का खोखा किराये पर लिया था। यहीं से वह चाय बेचकर अपनी आजीविका चला रहा था।

आसपास के लोगों ने दी पुलिस को सूचना

शुक्रवार सुबह आसपास के लोगों को चाय के खोखे के अंदर एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में दिखाई दिया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सप्तऋषि चौकी पुलिस मौके पर पहुंची तो अंदर सुरेंद्र कोली का शव मिला। पुलिस ने पहचान और दस्तावेजों के सत्यापन के बाद उसके परिजनों को सूचना दी।

कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

नवंबर 2025 में जेल से हुआ था रिहा

53 वर्षीय सुरेंद्र कोली वर्ष 2006 में सामने आए निठारी कांड में सह-आरोपी रहा था। नवंबर 2025 में अदालत से दोषमुक्त होने के बाद वह जेल से बाहर आया था। रिहाई के बाद वह देहरादून और हरिद्वार में रहा तथा अलग-अलग छोटे काम करता रहा। हरिद्वार के सिडकुल क्षेत्र में वह खाने की ठेली भी लगाता था।

पुलिस अब उसकी मौत की परिस्थितियों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Popular Articles