Top 5 This Week

Related Posts

संसद सत्र से पहले मोदी कैबिनेट की अहम बैठक आज, परिसीमन से जुड़े महिला आरक्षण विधेयक पर होगी चर्चा

नई दिल्ली। संसद के विशेष सत्र से पहले केंद्र सरकार ने महिला आरक्षण और परिसीमन को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है। बैठक दोपहर एक बजे नई दिल्ली स्थित सेवा तीर्थ में होगी। इसमें परिसीमन से जुड़े महिला आरक्षण विधेयक पर चर्चा होने की संभावना है।

सूत्रों के मुताबिक, सरकार पिछले विधेयक में कुछ संशोधन कर सकती है। इस विधेयक का उद्देश्य लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के प्रावधान को लागू करने का रास्ता तैयार करना है। इसके लिए परिसीमन की प्रक्रिया को भी प्रस्तावित कानून से जोड़ा गया है।

पहले लोकसभा में गिर चुका है विधेयक

गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने अप्रैल 2026 में परिसीमन से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में पेश किया था। हालांकि, आवश्यक दो-तिहाई बहुमत नहीं मिलने के कारण 17 अप्रैल को यह विधेयक पारित नहीं हो सका। विधेयक के पक्ष में 298 और विरोध में 234 वोट पड़े थे।

अब सरकार संशोधित प्रस्ताव के साथ इसे दोबारा आगे बढ़ाने की तैयारी में है। प्रस्ताव के तहत लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों की संख्या बढ़ाकर अधिकतम 850 करने की योजना है। इससे महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों की संख्या में भी वृद्धि हो सकती है।

विपक्ष की भूमिका होगी महत्वपूर्ण

विधेयक पारित कराने के लिए लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत आवश्यक है। ऐसे में सरकार को विपक्षी दलों के समर्थन की भी जरूरत पड़ सकती है। द्रमुक और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) जैसे दलों की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

वहीं, कांग्रेस सहित विपक्षी दलों का कहना है कि महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़ने के बजाय मौजूदा लोकसभा सीटों पर ही तत्काल लागू किया जाना चाहिए।

30 नवंबर से शुरू होगा विशेष सत्र

संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होगा। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर को होगी। दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर तक चलने की संभावना है।

अब सबकी नजरें कैबिनेट के फैसले और संसद के विशेष सत्र पर टिकी हैं।

Popular Articles