Top 5 This Week

Related Posts

वंतारा और मेडागास्कर के बीच वन्यजीव संरक्षण को लेकर 10 साल का समझौता, दुर्लभ प्रजातियों को बचाने पर रहेगा जोर

नई दिल्ली। अनंत अंबानी की वन्यजीव संरक्षण एवं पशु कल्याण संस्था वंतारा ने मेडागास्कर के पर्यावरण एवं सतत विकास मंत्रालय के साथ 10 साल का समझौता किया है। इस साझेदारी का उद्देश्य मेडागास्कर में वन्यजीवों की सुरक्षा, पशु कल्याण और दुर्लभ प्रजातियों के संरक्षण के प्रयासों को मजबूत करना है। दोनों पक्षों के बीच 24 नवंबर 2026 को समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

समझौते के तहत वंतारा को मेडागास्कर के संरक्षण भागीदार के रूप में शामिल किया गया है। इसके अंतर्गत विदेशों में जब्त किए गए मेडागास्कर के वन्यजीवों को वापस लाने, उनके बचाव, उपचार और पुनर्वास में सहयोग किया जाएगा। साथ ही, जो जानवर जंगल में लौटने के लिए उपयुक्त होंगे, उन्हें उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ने की दिशा में भी काम किया जाएगा।

राष्ट्रीय वन्यजीव बचाव केंद्र के विकास में करेगी सहयोग

इस समझौते का प्रमुख उद्देश्य मेडागास्कर में राष्ट्रीय वन्यजीव बचाव एवं पुनर्वास केंद्र का विकास करना है। यह केंद्र वन्यजीव संरक्षण, पशु चिकित्सा, अनुसंधान और प्रशिक्षण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। खास बात यह है कि केंद्र का स्वामित्व मेडागास्कर सरकार के पास रहेगा और इसका संचालन वहां के पर्यावरण मंत्रालय के अधीन होगा।

स्थानीय विशेषज्ञों को मिलेगा प्रशिक्षण

वंतारा इस साझेदारी के तहत स्थानीय विशेषज्ञों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने में भी सहयोग करेगी। इसके लिए इंटर्नशिप, विशेषज्ञों का आदान-प्रदान और अनुसंधान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा वन्यजीवों की स्वास्थ्य जांच, बीमारियों की स्क्रीनिंग, सुरक्षित परिवहन, क्वारंटीन और उपचार के बाद देखभाल में भी तकनीकी सहायता दी जाएगी।

90 प्रतिशत लीमर प्रजातियां विलुप्ति के खतरे में

मेडागास्कर अपनी अनूठी जैव विविधता के लिए जाना जाता है। अंतरराष्ट्रीय प्रकृति संरक्षण संघ (आईयूसीएन) की रेड लिस्ट के अनुसार, यहां पाई जाने वाली करीब 90 प्रतिशत लीमर प्रजातियां विलुप्त होने के खतरे का सामना कर रही हैं। इनमें लगभग एक-तिहाई प्रजातियां गंभीर रूप से संकटग्रस्त श्रेणी में हैं।

अवैध वन्यजीव व्यापार और प्राकृतिक आवासों के नष्ट होने से इन प्रजातियों के अस्तित्व पर खतरा बढ़ रहा है। ऐसे में वंतारा और मेडागास्कर के बीच हुआ यह समझौता वन्यजीव संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Popular Articles