Top 5 This Week

Related Posts

मुंबई में बम धमकी वाले ईमेल भेजने वाला अमेरिकी टेक इंजीनियर गिरफ्तार, दो साल में 1500 फर्जी ईमेल भेजने का शक

मुंबई। मुंबई के कई प्रमुख सरकारी और सार्वजनिक संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकी देने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जांच में अमेरिका में काम कर चुके तमिलनाडु के 28 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर शरथ सुब्रमण्यम शंकर का नाम सामने आया है। पुलिस को संदेह है कि उसने पिछले दो वर्षों में देशभर की विभिन्न एजेंसियों को करीब 1500 फर्जी धमकी भरे ईमेल भेजे।

आरोपी तमिलनाडु के तिरुनेलवेली जिले का निवासी है। उसे जुलाई में अमेरिका से लौटने के दौरान चेन्नई एयरपोर्ट पर तमिलनाडु पुलिस के आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने हिरासत में लिया था। फिलहाल वह तमिलनाडु पुलिस की हिरासत में है।

बीएमसी से लेकर अमिताभ बच्चन के बंगले तक मिली धमकी

पुलिस के मुताबिक, धमकी भरे ईमेल में बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) कार्यालय, मेट्रो स्टेशन, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई), अदालतों, स्कूलों और अभिनेता अमिताभ बच्चन के बंगले को निशाना बनाने की बात कही गई थी। इन धमकियों के बाद कई स्थानों को खाली कराना पड़ा और सुरक्षा जांच अभियान चलाए गए। हालांकि, जांच में सभी धमकियां फर्जी निकलीं।

ऐसे पुलिस की पकड़ में आया आरोपी

मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने ईमेल से मिले सुराग के आधार पर आरोपी से संपर्क किया। बातचीत के दौरान पुलिस के एक सवाल का जवाब देते समय आरोपी ने अनजाने में अपनी निजी ईमेल आईडी का इस्तेमाल कर लिया। इससे पुलिस को उसकी पहचान और अन्य जानकारियां मिल गईं। इसके बाद यह सूचना तमिलनाडु पुलिस के साथ साझा की गई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

वीपीएन के जरिए छिपाता था पहचान

जांच में सामने आया कि धमकी भरे ईमेल अलग-अलग ईमेल अकाउंट और वीपीएन जैसी तकनीकों के जरिए भेजे गए थे। इससे ईमेल भेजने वाले की डिजिटल पहचान पता लगाना मुश्किल हो रहा था। पुलिस अब आरोपी से धमकी भेजने के पीछे के मकसद और नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ करना चाहती है।

फर्जी ईमेल अकाउंट उपलब्ध कराने वाले की भी जांच

इस मामले में उत्तर प्रदेश एटीएस द्वारा गिरफ्तार 24 वर्षीय अंकित शंखवार की भूमिका भी जांच के दायरे में है। आरोप है कि वह फर्जी ईमेल अकाउंट बनाकर उपलब्ध कराता था। यूपी एटीएस के दावे के मुताबिक, इन अकाउंट के बदले उसे विदेश से करीब 50 हजार डॉलर यानी लगभग 47 लाख रुपये मिले थे।

मुंबई क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस मामले की अलग-अलग जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ के बाद इस पूरे नेटवर्क और उसके अंतरराष्ट्रीय संपर्कों को लेकर और खुलासे हो सकते हैं।

Popular Articles