Top 5 This Week

Related Posts

ऋषिकेश में अचानक धंसी सड़क, ईंटों से भरा ट्रक गड्ढे में फंसा; कई घंटों तक लगा रहा भीषण जाम

ऋषिकेश। उत्तराखंड के ऋषिकेश में गुरुवार को मनसा देवी रेलवे फाटक के पास अचानक सड़क धंसने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सड़क धंसने के दौरान वहां से गुजर रहा ईंटों से भरा एक ट्रक गड्ढे में फंस गया। ट्रक के बीच सड़क पर फंसने से मार्ग पर यातायात बाधित हो गया और कई घंटों तक भीषण जाम की स्थिति बनी रही। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

सड़क की खराब हालत बनी परेशानी

स्थानीय लोगों के अनुसार, मनसा देवी फाटक के पास सड़क की हालत लंबे समय से खराब बनी हुई है। सड़क पर अक्सर पानी बहता रहता है, जिससे इसकी स्थिति लगातार बिगड़ रही है। लोगों का कहना है कि इस मार्ग से गुजरने वाले दोपहिया वाहन चालक कई बार दुर्घटना का शिकार होने से बाल-बाल बचे हैं।

कई बार मरम्मत के बाद भी नहीं सुधरी स्थिति

स्थानीय निवासियों ने बताया कि सड़क की मरम्मत की मांग लंबे समय से की जा रही है। संबंधित विभाग की ओर से कई बार मरम्मत कार्य भी कराया गया, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया। सड़क की खराब स्थिति के कारण यहां लगातार दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

राहगीरों ने उठाए सवाल

सड़क धंसने और ट्रक फंसने के बाद यातायात व्यवस्था प्रभावित होने से लोगों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क की गुणवत्ता की जांच कराने और स्थायी रूप से मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Popular Articles