Top 5 This Week

Related Posts

राहुल गांधी विदेशी ताकतों के इशारे पर कर रहे काम: भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन

नई दिल्ली। दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्षी गठबंधन इंडिया की महारैली को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेशी ताकतों के इशारे पर काम कर रहे हैं और देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।

हरियाणा के रोहतक में भाजपा की ओर से आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि विपक्ष लोकतंत्र बचाने के नाम पर देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को चुनौती देना चाहता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जनता का जनादेश स्वीकार नहीं कर पा रही है और संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बना रही है।

नितिन नवीन ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का जनादेश सर्वोपरि होता है। जब कांग्रेस हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक में चुनाव जीतती है तो उसे लोकतंत्र की जीत बताती है, लेकिन हरियाणा, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल में हार मिलने पर लोकतंत्र खतरे में नजर आने लगता है। उन्होंने कहा कि देश संविधान के अनुसार चलेगा, न कि किसी परिवार के कानून से।

भाजपा अध्यक्ष ने 1984 के सिख विरोधी दंगों का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को सिख समुदाय से माफी मांगनी चाहिए थी, लेकिन पार्टी ने उसी दिन दिल्ली में विरोध प्रदर्शन किया।

उन्होंने विपक्ष के उस आरोप पर भी सवाल उठाए, जिसमें मतदाता सूची से करीब 13 करोड़ नाम हटाए जाने की बात कही गई है। नवीन ने दावा किया कि इनमें मृत मतदाता, दूसरे स्थानों पर स्थानांतरित हो चुके लोग और अन्य श्रेणियों के नाम शामिल हैं।

गौरतलब है कि रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन ने ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली आयोजित की थी। इसमें विपक्षी नेताओं ने चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आवाज उठाई। भाजपा ने इसके जवाब में अपनी पदयात्रा के जरिए विपक्ष के आरोपों को खारिज किया।

Popular Articles