वाशिंगटन। अमेरिका और मैक्सिको के कई इलाकों में रिकॉर्ड बारिश के बाद अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी है। तेज बारिश के कारण सड़कें नदियों में तब्दील हो गईं और कई जगहों पर घरों में पानी घुस गया। बाढ़ का पानी इतना तेज था कि मैक्सिको के लॉस काबोस इलाके में कई कारें बहकर समुद्र तक पहुंच गईं। वहीं अमेरिका के दक्षिण-पश्चिमी राज्यों में भी बाढ़ के कारण लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।
मैक्सिको में कारें समुद्र में बहीं
मैक्सिको के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में उष्णकटिबंधीय तूफान वेंस के अवशेषों से हुई भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। बाजा कैलिफोर्निया सुर के लॉस काबोस और सैन जोस डेल काबो में अचानक बाढ़ आ गई। तेज बहाव में कई वाहन बहते हुए प्रशांत महासागर तक पहुंच गए।
अधिकारियों के मुताबिक, बाजा कैलिफोर्निया सुर में 41 लोगों को सुरक्षित बचाया गया और तेज पानी में फंसे 18 वाहनों को हटाया गया। सैन जोस डेल काबो में एक अस्पताल की इकाई में पानी घुसने के बाद एहतियातन उसे खाली कराया गया। इस दौरान मरीजों और कर्मचारियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
अमेरिका में भी बाढ़ का कहर
अमेरिका के एरिजोना, नेवादा, कोलोराडो और न्यू मैक्सिको समेत कई राज्यों में भारी बारिश से बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। फीनिक्स और स्कॉट्सडेल में दमकलकर्मियों ने पानी में फंसे कई लोगों को बचाया। नेवादा के हेंडरसन में भी राहत टीमों ने तीन बचाव अभियान चलाए। एक व्यक्ति की अस्पताल में मौत हो गई।
मौसम विभाग ने कई क्षेत्रों में बाढ़ की चेतावनी जारी की है। कुछ इलाकों में चार इंच तक बारिश होने का अनुमान जताया गया है। लगातार बारिश के कारण नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ रहा है।
सेना और नौसेना तैनात
मैक्सिको में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए सेना और नौसेना को तैनात किया गया है। प्रभावित क्षेत्रों में फंसे लोगों को निकालने, सड़कों से मलबा हटाने और जरूरी सुविधाएं बहाल करने का काम जारी है।
प्रशासन ने लोगों को चेतावनी दी है कि वे बाढ़ के पानी से भरी सड़कों और नालों को पार करने की कोशिश न करें। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी बारिश जारी रहने की आशंका जताई है।





