Top 5 This Week

Related Posts

केदारनाथ धाम में फिर हुई बर्फबारी, सफेद चादर से ढकी केदारपुरी; 18.80 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। रविवार देर रात और सोमवार तड़के हुई ताजा बर्फबारी से पूरी केदारपुरी बर्फ की सफेद चादर में ढक गई। हिमालय की ऊंची चोटियों पर जमी बर्फ से धाम का नजारा बेहद मनमोहक हो गया है। हालांकि, लगातार गिरते तापमान के कारण यहां कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इसके बावजूद बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालुओं का उत्साह बरकरार है।

बर्फबारी के बीच भी जारी है दर्शन

धाम में बर्फबारी रुकने के बाद श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। भक्त पैदल मार्ग, घोड़ा-खच्चर, डंडी-कंडी और हेलीकॉप्टर के माध्यम से केदारनाथ पहुंचकर बाबा के दर्शन कर रहे हैं। बर्फ से ढकी पहाड़ियों और मंदिर परिसर का मनमोहक दृश्य श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है।

11 नवंबर को बंद होंगे कपाट

वर्ष 2026 की केदारनाथ यात्रा अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। आगामी 11 नवंबर को बाबा केदारनाथ मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। यात्रा समाप्त होने में अब महज 10 दिन शेष हैं।

18.80 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

इस वर्ष केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली है। अब तक कुल 18,80,398 श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं। यात्रा के अंतिम दिनों में भी भक्तों के पहुंचने का क्रम जारी है।

बदलते मौसम और बर्फबारी के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं आई है। प्रशासन और संबंधित विभाग यात्रा व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं। धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को अत्यधिक ठंड को देखते हुए गर्म कपड़े रखने और मौसम की स्थिति के अनुसार यात्रा करने की सलाह दी जा रही है।

Popular Articles