Top 5 This Week

Related Posts

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ऐतिहासिक यूरोप यात्रा, तीन देशों के साथ संबंध मजबूत करने पर जोर

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रविवार से तीन यूरोपीय देशों की ऐतिहासिक राजकीय यात्रा पर रवाना हुईं। इस दौरे के दौरान वह मोल्दोवा, उत्तर मैसिडोनिया और रोमानिया का दौरा करेंगी। राष्ट्रपति की इस यात्रा का उद्देश्य इन देशों के साथ भारत के द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करना तथा व्यापार, तकनीक, शिक्षा और निवेश के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाना है।

राष्ट्रपति मुर्मू की यह यात्रा कई मायनों में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। वह मोल्दोवा और उत्तर मैसिडोनिया की यात्रा करने वाली पहली भारतीय राष्ट्रपति होंगी। वहीं, रोमानिया की यात्रा तीन दशक से अधिक समय बाद किसी भारतीय राष्ट्रपति की पहली यात्रा होगी।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, राष्ट्रपति अपनी यात्रा के पहले चरण में मोल्दोवा जाएंगी, जहां वह राष्ट्रपति माइया सांडू के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगी। इसके अलावा वह वहां की संसद के अध्यक्ष, भारत-मोल्दोवा संसदीय मैत्री समूह के सदस्यों और व्यापारिक प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगी। दोनों देशों के बीच कृषि, स्वास्थ्य सेवा, फार्मास्युटिकल्स, सूचना प्रौद्योगिकी और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा होगी।

इसके बाद राष्ट्रपति मुर्मू उत्तर मैसिडोनिया पहुंचेंगी। वहां वह राष्ट्रपति गोरदाना सिल्यानोव्स्का-दावकोवा, प्रधानमंत्री और संसद के प्रमुखों से मुलाकात करेंगी। इस दौरान आर्थिक सहयोग बढ़ाने और विज्ञान-तकनीक, कृषि, दवा उद्योग तथा आईटी क्षेत्र में साझेदारी को विस्तार देने पर बातचीत होगी।

यात्रा के अंतिम चरण में राष्ट्रपति रोमानिया जाएंगी। वहां वह राष्ट्रपति निकुशोर डैन सहित शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात करेंगी और भारत-रोमानिया व्यापार मंच को संबोधित करेंगी। भारत और रोमानिया के बीच यूरोपीय संघ के साथ बढ़ते संबंधों के मद्देनजर यह दौरा रणनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।

राष्ट्रपति मुर्मू इस यात्रा के दौरान तीनों देशों में रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों से भी संवाद करेंगी। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि यह दौरा पूर्वी यूरोप के साथ भारत की बढ़ती भागीदारी और क्षेत्रीय सहयोग को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

कूटनीतिक जानकारों के अनुसार, राष्ट्रपति की यह यात्रा भारत की ‘एक्ट ईस्ट’ और यूरोप के साथ व्यापक साझेदारी की नीति को आगे बढ़ाने में मददगार साबित हो सकती है।

Popular Articles