हल्द्वानी। रामपुर रोड स्थित कैची धर्मकांटा के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पूर्व सैनिक की मौत के मामले में उनकी पत्नी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने कैंटर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी गई तहरीर में हल्दूचौड़ लालकुआं निवासी विमला देवी ने बताया कि 17 जुलाई को उनके पति शमशेर सिंह अपनी मोटरसाइकिल से हल्द्वानी से घर लौट रहे थे। आरोप है कि कैची धर्मकांटा के पास आगे चल रहे एक वाहन के अचानक ब्रेक लगाने से उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। इसी दौरान रुद्रपुर की ओर से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रहे कैंटर संख्या यू के18 सी ए 6871 ने उनके पति के सिर पर टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद घायल को 108 एंबुलेंस की सहायता से सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पीड़ित ने तहरीर में बताया कि पति के अंतिम संस्कार और अन्य पारिवारिक कार्यों में व्यस्त रहने के कारण वह तत्काल शिकायत दर्ज नहीं करा सकीं। अब उन्होंने न्याय की मांग करते हुए कैंटर चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित वाहन चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।





