हल्द्वानी। केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) कार्यालय में नवागत आयुक्त अशोक कुमार पांडेय के प्रथम हल्द्वानी आगमन पर टैक्स बार एसोसिएशन ने उनका भव्य स्वागत किया। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों के साथ शहर के कई कर सलाहकार और व्यवसायी भी मौजूद रहे।
स्वागत कार्यक्रम के बाद आयोजित बैठक में टैक्स बार एसोसिएशन ने जीएसटी व्यवस्था से जुड़ी व्यावहारिक और प्रक्रियात्मक समस्याओं को आयुक्त के समक्ष विस्तार से रखा। अधिवक्ताओं ने करदाताओं और कर-व्यवसायियों को रोजमर्रा के कार्यों में आने वाली दिक्कतों से अवगत कराते हुए कर प्रणाली को अधिक सरल, पारदर्शी और सुगम बनाने की मांग की।
आयुक्त अशोक कुमार पांडेय ने एसोसिएशन के सुझावों और समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा भरोसा दिलाया कि उचित और व्यावहारिक कठिनाइयों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए करदाताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में असिस्टेंट कमिश्नर डी.एस. बिष्ट, सुपरिटेंडेंट दिवाकर बिष्ट सहित विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं टैक्स बार एसोसिएशन की ओर से अध्यक्ष रमेश पांडे, सचिव महेंद्र बिष्ट, वरिष्ठ सदस्य आईपी सिंह, सुमित गुप्ता, एन.के. जोशी, अक्षय अग्रवाल, पवन सिंह, सुनील पाठक, पवन प्रीत सेठी, हिमांशु कोठारी, दीपक बिष्ट समेत कई अधिवक्ताओं ने सहभागिता की।





