हल्द्वानी। नगर निगम काठगोदाम के महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने मंगलवार को यातायात नगर का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने परिसर की साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था, मूलभूत सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
महापौर ने कहा कि शहर की सार्वजनिक व्यवस्थाओं को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और नागरिक हितों के अनुरूप बनाए रखना नगर निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां भी किसी प्रकार की कमी या अव्यवस्था हो, उसे तत्काल दूर किया जाए ताकि आमजन को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त परितोष वर्मा, नोडल अतिक्रमण गणेश भट्ट सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कार्य शीघ्र पूरा करने का भरोसा दिलाया।
महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि नगर निगम भविष्य में भी शहर के विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण करता रहेगा, ताकि हल्द्वानी की व्यवस्थाएं और अधिक सुदृढ़, स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनी रहें।





