मुंबई। मुंबई के बोरीवली पश्चिम स्थित मनोरी बीच के पास समुद्र में एक विदेशी मालवाहक जहाज फंस जाने से समुद्री सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। खराब मौसम, तेज हवाओं और ऊंची लहरों के बीच जहाज के तट के करीब पहुंचने की सूचना मिलते ही भारतीय तटरक्षक बल, नौसेना और अन्य संबंधित एजेंसियों ने मौके पर निगरानी बढ़ा दी है।
जानकारी के अनुसार, निकारागुआ के ध्वज वाला मालवाहक टैंकर एमटी अल जाफजिया प्रतिकूल मौसम के कारण लंगर से खिसककर मनोरी तट के समीप आकर फंस गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय जहाज पर कोई चालक दल मौजूद नहीं था, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
भारतीय तटरक्षक बल ने बताया कि मौसम खराब होने की सूचना मिलने के बाद जहाजों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही थी। सहायता के लिए कोस्ट गार्ड के जहाजों के साथ इमरजेंसी टोइंग वेसल भी तैनात की गई है। वहीं, दो अन्य जहाजों को सुरक्षित रूप से लंगर डालकर नियंत्रित कर लिया गया है।
गोराई पुलिस, भारतीय तटरक्षक बल और नौसेना की टीमें संयुक्त रूप से पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही हैं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि जहाज किस परिस्थितियों में भारतीय तट के इतना करीब पहुंचा। अधिकारियों ने समुद्री प्रदूषण या किसी अन्य खतरे की आशंका को देखते हुए एहतियाती निगरानी बढ़ा दी है।
स्थानीय मछुआरों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश, तेज हवाओं और चट्टानी तट के कारण छोटे नावों का जहाज तक पहुंचना फिलहाल सुरक्षित नहीं है। प्रशासन ने लोगों से समुद्र तट के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगाने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
फिलहाल जहाज की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और मौसम अनुकूल होते ही उसे सुरक्षित स्थान पर ले जाने की कार्रवाई की जाएगी।





