Top 5 This Week

Related Posts

केतन हत्याकांड में राजा रघुवंशी केस से प्रेरणा का खुलासा, सिया की गूगल हिस्ट्री ने खोले कई राज

पुणे। केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में पुलिस को ऐसे अहम सुराग मिले हैं, जिनसे पता चलता है कि मुख्य आरोपी सिया गोयल ने इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड का गहन अध्ययन किया था। पुलिस के अनुसार, सिया के मोबाइल की गूगल सर्च हिस्ट्री में राजा रघुवंशी और सोनम रघुवंशी से जुड़े कई समाचार, जांच रिपोर्ट और घटनाक्रम खोजे गए हैं।

जांच एजेंसियों का दावा है कि सिया ने कथित तौर पर राजा रघुवंशी हत्याकांड में सामने आई जांच की कमियों और पुलिस कार्रवाई का विश्लेषण कर अपनी योजना को अधिक सुनियोजित बनाने की कोशिश की। पुलिस का मानना है कि उसने सबूत छिपाने और खुद पर शक कम करने के लिए पहले से रणनीति तैयार की थी।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि सिया ने महिलाओं की पुलिस हिरासत, महिला आरोपियों के कानूनी अधिकार और पूछताछ से जुड़े विषयों पर भी इंटरनेट पर जानकारी जुटाई थी। अधिकारियों के मुताबिक, जब्त किए गए एक अन्य मोबाइल फोन की फोरेंसिक जांच भी कराई जा रही है, जिससे साजिश से जुड़े और अहम तथ्य सामने आने की उम्मीद है।

जांच अधिकारियों का कहना है कि केतन अग्रवाल की मौत को पहले दुर्घटना साबित करने की कोशिश की गई, लेकिन घटनास्थल, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के दौरान मिले तथ्यों ने मामले को हत्या की साजिश की ओर मोड़ दिया। पुलिस का आरोप है कि सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया।

गौरतलब है कि राजा रघुवंशी हत्याकांड में भी उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी पर प्रेम संबंधों के चलते पति की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगा था। अब पुणे के केतन अग्रवाल हत्याकांड में सामने आए तथ्यों के बाद दोनों मामलों के बीच समानताओं को लेकर जांच एजेंसियां भी कई पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच अभी जारी है और सभी तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है।

Popular Articles