Top 5 This Week

Related Posts

मुलायम सिंह की पुण्यतिथि पर सपा का संकल्प, 2027 में अखिलेश को मुख्यमंत्री बनाने का ऐलान

हल्द्वानी में प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने दी श्रद्धांजलि, बोले—नेताजी के अधूरे सपने पूरे करना ही सच्ची श्रद्धांजलि

हल्द्वानी। समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर हल्द्वानी में सपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि देकर उनके विचारों पर चलने का संकल्प लिया। आजाद नगर स्थित प्रदेश अध्यक्ष हाजी अब्दुल मतीन सिद्दीकी के कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी ने उत्तराखंड के प्रति मुलायम सिंह यादव के योगदान को याद किया। साथ ही वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव को दोबारा मुख्यमंत्री बनाने और उत्तराखंड में पार्टी का जनाधार बढ़ाने का संकल्प दोहराया।

‘नेताजी जैसा नेता सदियों में पैदा होता है’

कार्यक्रम की शुरुआत मुलायम सिंह यादव के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद विचार गोष्ठी में प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने कहा कि मुलायम सिंह यादव किसानों, व्यापारियों, छात्रों, कर्मचारियों, दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के हितों की आवाज उठाने वाले नेता थे। उन्होंने कहा कि नेताजी की राजनीतिक विरासत को अखिलेश यादव आगे बढ़ा रहे हैं।

सिद्दीकी ने कहा कि मुलायम सिंह यादव को धरती पुत्र और नेताजी जैसी उपाधियों से सम्मानित किया गया। उनके अनुसार, नेताजी का व्यक्तित्व और जनहित के लिए किए गए कार्य आज भी कार्यकर्ताओं को प्रेरणा देते हैं।

उत्तराखंड के विकास में योगदान का किया जिक्र

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों की समस्याओं को देखते हुए मुलायम सिंह यादव ने अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल में पर्वतीय विकास मंत्रालय के गठन, दुर्गम क्षेत्रों में शिक्षा और पेयजल सुविधाओं तथा पिथौरागढ़ हवाई पट्टी जैसे कार्यों पर ध्यान दिया। उन्होंने अलग उत्तराखंड राज्य के गठन से संबंधित समितियों और उत्तर प्रदेश विधानमंडल में पारित प्रस्ताव का भी उल्लेख किया।

सिद्दीकी ने कहा कि रक्षा मंत्री रहते हुए मुलायम सिंह यादव ने शहीद सैनिकों के पार्थिव शरीर सम्मानपूर्वक उनके घर पहुंचाने और सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार की व्यवस्था को महत्व दिया। उन्होंने इसे सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।

उत्तराखंड में भी सपा को मजबूत करने का आह्वान

सिद्दीकी ने कार्यकर्ताओं से मुलायम सिंह यादव के अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए संगठन को मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव को पूर्ण बहुमत दिलाने के साथ उत्तराखंड में भी समाजवादी पार्टी का परचम लहराने के लिए कार्यकर्ताओं को जुटना होगा।

उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी देश की प्रमुख राजनीतिक ताकतों में शामिल है और अखिलेश यादव को जनता का समर्थन मिल रहा है।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद

विचार गोष्ठी में अधिवक्ता सुरेश परिहार, जावेद सिद्दीकी सहित अन्य वक्ताओं ने मुलायम सिंह यादव के राजनीतिक जीवन और योगदान पर विचार रखे। कार्यक्रम में सोमपाल मौर्य, अरशद अय्यूब, जावेद मिकरानी, उमैर मतीन, रेहान मलिक, इस्लाम सिद्दीकी, संजय गुप्ता, आसिम सिद्दीकी, नासिर हुसैन, अनवर हुसैन, दीपक अग्रवाल, हिना देवी, रानी देवी, शकील अंसारी, अधिवक्ता जावेद अहमद और अज़हर मलिक समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Popular Articles