हरिद्वार। कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व के दौरान धर्मनगरी हरिद्वार में यातायात व्यवस्था संभाल रहे पुलिसकर्मी के साथ अभद्रता और मारपीट का मामला सामने आया है। बैरागी कैंप की ओर जाने से रोके जाने पर कार सवार दंपति पुलिसकर्मी से भिड़ गया। आरोप है कि महिला ने ड्यूटी पर तैनात सहायक उपनिरीक्षक (ASI) को थप्पड़ मार दिया, जबकि उसके पति ने खुद को सेना का मेजर बताकर पुलिसकर्मी पर रौब झाड़ा और धमकी दी। घटना के बाद पुलिस ने दंपति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बैरियर पर रोकने से शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा स्नान के मद्देनजर हरिद्वार में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए जगह-जगह पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। इसी दौरान एक कार सवार दंपति बैरागी कैंप की ओर जाने लगा। यातायात व्यवस्था के तहत ड्यूटी पर तैनात एएसआई ने उन्हें आगे जाने से रोक दिया। इस बात पर पति-पत्नी नाराज हो गए और पुलिसकर्मी से बहस करने लगे।
महिला ने जड़ा थप्पड़, बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश
आरोप है कि दंपति ने एएसआई के साथ गाली-गलौज और अभद्रता शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों ने पुलिसकर्मी के साथ धक्का-मुक्की की। इसी दौरान महिला ने एएसआई को थप्पड़ मार दिया। इतना ही नहीं, दंपति ने बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की भी कोशिश की। महिला के पति ने खुद को मेजर बताते हुए पुलिसकर्मी को धमकाया।
एएसआई की शिकायत पर मुकदमा दर्ज
घटना के बाद एएसआई ने पूरे मामले की शिकायत कनखल पुलिस से की। पुलिस ने उनकी तहरीर के आधार पर पति-पत्नी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कार्तिक पूर्णिमा स्नान जैसे बड़े आयोजन के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी के साथ हुई इस घटना ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।




