Top 5 This Week

Related Posts

गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारे पहुंचे सीएम धामी, प्रदेश की खुशहाली के लिए की अरदास; हेमकुंड साहिब रोपवे और रीठा साहिब पर कही बड़ी बात

खटीमा। कार्तिक पूर्णिमा और सिख पंथ के संस्थापक श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को खटीमा के पीलीभीत रोड स्थित गुरुद्वारा साहिब पहुंचे। उन्होंने गुरुद्वारे में मत्था टेककर प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली के लिए अरदास की। इस दौरान उन्होंने सिख समाज के लोगों को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।

गुरु नानक देव की शिक्षाओं को किया याद

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन और उपदेशों से पूरी मानवता को सत्य, सेवा, समानता और परोपकार का मार्ग दिखाया। उनकी शिक्षाएं समाज में प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत करने के साथ जरूरतमंदों की निःस्वार्थ सेवा के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी का संदेश आज भी पूरी मानवता के लिए प्रासंगिक है।

हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजना का किया जिक्र

सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार सिख समाज की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा ऐतिहासिक तीर्थस्थलों के विकास के लिए लगातार काम कर रही हैं।

उन्होंने हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजना और रीठा साहिब के समीप धर्मशाला निर्माण का उल्लेख करते हुए कहा कि इन परियोजनाओं से श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

धार्मिक विरासत के संरक्षण के लिए सरकार प्रतिबद्ध

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड विभिन्न धर्मों, संस्कृतियों और परंपराओं के समन्वय की भूमि है। राज्य सरकार धार्मिक स्थलों के विकास, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और प्रदेश की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

Popular Articles