नई दिल्ली। पंजाब की राजनीति में मंगलवार को बड़ा बदलाव देखने को मिला। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने करीब छह साल बाद एक बार फिर गठबंधन का ऐलान कर दिया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी घोषणा की।
दोनों दल 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव में मिलकर मैदान में उतरेंगे। अमित शाह ने कहा कि भाजपा और अकाली दल का रिश्ता काफी पुराना और मजबूत रहा है। उन्होंने अकाली दल को गठबंधन में बड़ा भाई बताते हुए कहा कि दोनों दल मिलकर पंजाब को खुशहाल बनाने के लिए काम करेंगे।
अमित शाह ने पंजाब में नशे की समस्या को खत्म करना गठबंधन की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल बताया। उन्होंने किसानों के कल्याण, युवाओं को रोजगार देने, भ्रष्टाचार पर रोक लगाने और राज्य में कानून-व्यवस्था मजबूत करने की बात भी कही। शाह ने भरोसा जताया कि गठबंधन पंजाब में एनडीए की सरकार बनाने में सफल होगा।
अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने गठबंधन को केवल राजनीतिक समझौता नहीं, बल्कि भावनात्मक रिश्ता बताया। उन्होंने कहा कि पंजाब और उसके लोगों को मौजूदा समस्याओं से बाहर निकालने के लिए दोनों दल एक साथ आए हैं।
गौरतलब है कि भाजपा और अकाली दल का गठबंधन सितंबर 2020 में केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों को लेकर टूट गया था। उस समय हरसिमरत कौर बादल ने केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था और अकाली दल ने एनडीए से अलग होने का फैसला किया था।
अब छह साल बाद दोनों पुराने सहयोगियों की वापसी से पंजाब की राजनीति में नए चुनावी समीकरण बनने की संभावना है।





