Top 5 This Week

Related Posts

पंजाब चुनाव से पहले बड़ा सियासी उलटफेर! छह साल बाद फिर साथ आए भाजपा-अकाली दल, 2027 का चुनाव मिलकर लड़ेंगे; सुखबीर बादल होंगे ‘बड़े भाई’

नई दिल्ली। पंजाब की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने छह साल बाद एक बार फिर गठबंधन कर लिया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में दोनों दलों के गठबंधन की औपचारिक घोषणा की। इस दौरान भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन और अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल भी मौजूद रहे।

अकाली दल को मिलेगा बड़े भाई का दर्जा

गठबंधन की घोषणा के साथ ही पंजाब में नेतृत्व को लेकर भी महत्वपूर्ण संकेत मिले हैं। अमित शाह ने कहा कि पंजाब में अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में रहेगा। मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने संकेत दिया कि बड़े भाई की भूमिका निभाने वाले दल का ही मुख्यमंत्री होगा। इससे सुखबीर सिंह बादल को गठबंधन में अहम जिम्मेदारी मिलने के संकेत मिले हैं।

नशे और भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई होगी प्राथमिकता

अमित शाह ने कहा कि पंजाब को नशामुक्त बनाना गठबंधन का सबसे बड़ा लक्ष्य होगा। उन्होंने 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को नशे से मुक्त करने का संकल्प भी जताया। इसके अलावा भ्रष्टाचार खत्म करने, किसानों की समस्याओं का समाधान करने और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने को लेकर भी काम करने की बात कही।

शाह ने कहा कि भाजपा और अकाली दल ने पिछले तीन महीनों में पंजाब के विकास को लेकर रोडमैप तैयार किया है, जिसे जल्द सार्वजनिक किया जाएगा।

सुखबीर बादल ने बताया भावनात्मक रिश्ता

अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने गठबंधन को केवल राजनीतिक समझौता नहीं, बल्कि भावनात्मक रिश्ता बताया। उन्होंने कहा कि पंजाब को मौजूदा हालात से बाहर निकालने और राज्य में शांति एवं भाईचारा कायम करने के लिए दोनों दलों का साथ आना जरूरी था।

2020 में टूट गया था गठबंधन

गौरतलब है कि भाजपा और अकाली दल का गठबंधन सितंबर 2020 में केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों को लेकर टूट गया था। अकाली दल ने किसानों के आंदोलन के समर्थन में एनडीए से अलग होने का फैसला किया था। अब छह साल बाद दोनों दलों की वापसी से पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव के राजनीतिक समीकरण बदलने की संभावना है। सीटों के बंटवारे पर बातचीत आगे की जाएगी।

Popular Articles