Top 5 This Week

Related Posts

महापौर ने मुख्य बाजार में जलभराव की समस्या से निपटने को किया स्थलीय निरीक्षण, 16.50 करोड़ की नाला परियोजना जल्द होगी धरातल पर

रुद्रपुर। शहर के मुख्य बाजार क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही जलभराव और नाले की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में नगर निगम ने महत्वपूर्ण पहल तेज कर दी है। सोमवार को महापौर विकास शर्मा ने क्षेत्रीय पार्षद चिराग कालरा, स्थानीय व्यापारियों और नगर निगम के अधिकारियों के साथ मुख्य बाजार क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने अधिकारियों को बरसात के मौसम को देखते हुए तत्काल राहत पहुंचाने के लिए आवश्यक कदम उठाने तथा नाला निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने मुख्य नाले के उस हिस्से का भी अवलोकन किया, जहां निर्माण कार्य होना है। अधिकारियों ने बताया कि शेष कार्य के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है और जल्द ही निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य प्रारंभ होने के बाद गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता किए बिना निर्धारित समय सीमा में इसे पूरा किया जाए।

महापौर ने बताया कि स्वीकृत योजना के अंतर्गत नाले के शेष हिस्से में पाइप लाइन डाली जाएगी, जिससे बरसात के दौरान वर्षा जल की निकासी पहले की अपेक्षा कहीं अधिक तेज और व्यवस्थित हो सकेगी। इससे जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान होगा और व्यापारियों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी बड़ी राहत मिलेगी।

इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए लगभग 16.50 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है तथा शीघ्र ही इसका टेंडर जारी किया जाएगा। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य युद्धस्तर पर शुरू कराया जाएगा, ताकि आगामी समय में शहरवासियों को जलभराव की समस्या से स्थायी रूप से निजात मिल सके।

महापौर ने कहा कि नगर निगम केवल तात्कालिक समाधान तक सीमित नहीं है, बल्कि भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पूरे शहर की जल निकासी व्यवस्था को वैज्ञानिक और आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में कार्य कर रहा है।

उन्होंने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि नागरिकों को ऐसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है, जिनका लाभ उन्हें वर्षों तक मिले। व्यापारियों को आश्वस्त करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी समस्याओं का समाधान नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। विकास कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाएगी, ताकि जनता का विश्वास और मजबूत हो।

इस दौरान राजू नबियाल, बीएस डांगी, पार्षद चिराग कालरा समेत व्यापारी मौजूद रहे।

Popular Articles