Top 5 This Week

Related Posts

भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद आरके सिन्हा का निधन, नोएडा स्थित आवास पर ली अंतिम सांस

नोएडा/पटना। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व राज्यसभा सांसद और एसआईएस (SIS) ग्रुप के संस्थापक चेयरमैन डॉ. रविन्द्र किशोर सिन्हा (आरके सिन्हा) का शुक्रवार को निधन हो गया। उन्होंने नोएडा स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से राजनीतिक, सामाजिक और कारोबारी जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। वह करीब 75 वर्ष के थे।

भाजपा के शुरुआती दौर से जुड़े थे आरके सिन्हा

आरके सिन्हा भाजपा के संस्थापक सदस्यों में शामिल थे। उन्होंने जनसंघ के समय से ही संगठन के लिए काम किया और बिहार में पार्टी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वह पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के करीबी नेताओं में भी गिने जाते थे। वर्ष 2014 में वह बिहार से राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए और 2020 तक उच्च सदन के सदस्य रहे।

पत्रकारिता से शुरू किया था सफर

राजनीति के अलावा आरके सिन्हा ने पत्रकारिता और उद्यमिता के क्षेत्र में भी अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने वर्ष 1974 में पटना से सिक्योरिटी एंड इंटेलिजेंस सर्विसेज (SIS) ग्रुप की स्थापना की थी। उनके नेतृत्व में यह कंपनी निजी सुरक्षा और मानव संसाधन सेवाओं के क्षेत्र में देश-विदेश में एक बड़ा नाम बन गई। इस समूह ने हजारों लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए।

अंतिम दर्शन के लिए पटना लाया जाएगा पार्थिव शरीर

परिजनों की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए नोएडा से पटना लाया जाएगा। पटना के पाटलिपुत्र स्थित अन्नपूर्णा भवन में लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे सकेंगे। हालांकि, पार्थिव शरीर के पटना पहुंचने और अंतिम संस्कार का समय अभी घोषित नहीं किया गया है।

राजनीतिक जगत ने जताया शोक

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत भाजपा और अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। नेताओं ने उनके राजनीतिक, सामाजिक और व्यावसायिक योगदान को याद करते हुए इसे बिहार के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।

Popular Articles