Top 5 This Week

Related Posts

अब गरीबों के आशियाने को मिलेगी ज्यादा ताकत, ढाई लाख से बढ़कर 2.75 लाख हुई मदद

आवास योजना 2.0 में बढ़ी अनुदान राशि, निगम को बजट मिला; महापौर ने लाभार्थियों को निर्माण में देरी न करने की दी हिदायत

हल्द्वानी। गरीबों के अपने घर का सपना अब पहले से ज्यादा सरकारी मदद के सहारे पूरा होगा। प्रधानमंत्री आवास योजना के दूसरे चरण में मकान बनाने के लिए मिलने वाली आर्थिक सहायता बढ़ा दी गई है। वहीं, बजट मिलने के बाद नगर निगम ने लाभार्थियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।

शुक्रवार को नगर निगम सभागार में महापौर गजराज सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में आयोजित कार्यशाला में योजना की प्रगति और निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत स्वीकृत डीपीआर संख्या 145 और 37 के सापेक्ष बजट नगर निगम को प्राप्त हो चुका है।

75 हजार रुपये बढ़ी सरकारी मदद

योजना के लाभार्थी आधारित घटक (बीएलसी) में अब मकान निर्माण के लिए कुल 2.75 लाख रुपये का अनुदान मिलेगा। पहले योजना के तहत दो लाख रुपये दिए जाते थे। नई व्यवस्था में केंद्र सरकार का अंश 2.25 लाख और राज्य सरकार का अंश 50 हजार रुपये होगा। यानी लाभार्थियों को सीधे 75 हजार रुपये का अतिरिक्त फायदा मिलेगा।

671 में से 610 मकान बनकर तैयार

नगर निगम के आंकड़ों के मुताबिक, प्रधानमंत्री आवास योजना 1.0 के तहत स्वीकृत 671 आवासों में से 610 का निर्माण पूरा हो चुका है। वहीं, योजना 2.0 के तहत स्वीकृत डीपीआर संख्या 177 के लाभार्थियों को अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है। डीपीआर 145 और 37 के सापेक्ष पहली किस्त की धनराशि निगम को मिल चुकी है।

महापौर ने लाभार्थियों से निर्माण कार्य समय पर पूरा करने की अपील की। कार्यशाला में अधिकारियों ने योजना के क्रियान्वयन और अनुदान वितरण से जुड़ी जानकारी भी दी।

Popular Articles