Top 5 This Week

Related Posts

पश्चिम एशिया में हालात सुधरने पर एयर इंडिया बढ़ाएगी अंतरराष्ट्रीय उड़ानें, कई मार्गों पर सेवाएं होंगी बहाल

नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में तनाव कम होने और क्षेत्र में हवाई संचालन के लिए हालात सामान्य होने के संकेतों के बीच एयर इंडिया जल्द ही अपनी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का विस्तार कर सकती है। एयरलाइन प्रबंधन ने संकेत दिया है कि यदि क्षेत्र की स्थिति स्थिर बनी रहती है तो हाल के महीनों में घटाई गई उड़ानों की संख्या को चरणबद्ध तरीके से फिर से बढ़ाया जाएगा।

एयर इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) कैंपबेल विल्सन ने कर्मचारियों को भेजे संदेश में कहा कि पश्चिम एशिया में संघर्ष कम होने से अधिक हवाई क्षेत्र दोबारा उपलब्ध हो रहे हैं। इसके साथ ही विमान ईंधन की कीमतों में भी नरमी आई है, जिससे परिचालन लागत पर सकारात्मक असर पड़ रहा है। यदि यही स्थिति बनी रही तो एयरलाइन अपने उड़ान कार्यक्रम में की गई कटौतियों को वापस लेने की दिशा में कदम उठा सकती है।

पश्चिम एशिया में बढ़े तनाव के दौरान एयर इंडिया ने सुरक्षा कारणों और हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंधों के चलते कई अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर उड़ानें अस्थायी रूप से बंद कर दी थीं, जबकि अनेक अन्य रूटों पर उड़ानों की आवृत्ति कम कर दी गई थी। इससे हर सप्ताह सैकड़ों अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ था।

एयरलाइन ने अपने बेड़े के आधुनिकीकरण और यात्री सेवाओं में सुधार की दिशा में भी प्रगति का दावा किया है। कंपनी के अनुसार, आधुनिकीकृत बोइंग 787 विमानों को यात्रियों से बेहतर प्रतिक्रिया मिली है। इसके अलावा इस वर्ष कई नए और अपग्रेड किए गए वाइड-बॉडी विमान बेड़े में शामिल किए जाएंगे, जिससे अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को और मजबूती मिलेगी।

एयर इंडिया का कहना है कि उसका लक्ष्य परिचालन को अधिक विश्वसनीय बनाना और यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना है। हालात अनुकूल रहने पर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की बहाली से विदेश यात्रा करने वाले यात्रियों को अधिक विकल्प मिलने के साथ उड़ानों की उपलब्धता में भी सुधार होने की उम्मीद है।

Popular Articles