हरबंस सिंह की दोटूक—लापरवाही और अनावश्यक देरी छोड़ो, पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाओ
हल्द्वानी। थानों में दर्ज मुकदमों की जांच कितनी तेजी से आगे बढ़ रही है और विवेचनाएं महीनों तक क्यों अटकी हैं, इसे लेकर एसपी सिटी हरबंस सिंह ने जांच अधिकारियों की क्लास लगाई। आदेश कक्ष में हुई समीक्षा बैठक में 60 और 90 दिन से लंबित विवेचनाओं का हिसाब लिया गया और उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।
बैठक में हल्द्वानी, काठगोदाम, मुखानी और बनभूलपुरा कोतवाली के विवेचक मौजूद रहे, जबकि रामनगर, लालकुआं, कालाढूंगी और चोरगलिया के अधिकारी व विवेचक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
एसपी सिटी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि विवेचनाओं को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। साक्ष्य जुटाने, जरूरी कानूनी कार्रवाई पूरी करने और जांच को गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समय में निपटाने पर जोर दिया गया।
लंबित जांचों का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश देते हुए एसपी सिटी ने पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाने को पुलिस की प्राथमिकता बताया। अब देखना होगा कि समीक्षा बैठक के बाद लंबित विवेचनाओं की रफ्तार कितनी बढ़ती है और पीड़ितों को न्याय के लिए इंतजार से कब राहत मिलती है।





