Top 5 This Week

Related Posts

गैर-मुद्दों को हवा देते रहेंगे राहुल गांधी तो कहीं नहीं जाएंगे पीएम मोदी: भाजपा

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर एक बार फिर तीखा हमला बोला है। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि जब तक राहुल गांधी अराजकता फैलाने के प्रयास में गैर-मुद्दों को हवा देते रहेंगे, तब तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहीं नहीं जाने वाले हैं। उन्होंने विपक्षी गठबंधन इंडिया की दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित रैली को अराजक और अनुशासनहीन तमाशा करार दिया।

भाजपा मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में संबित पात्रा ने राहुल गांधी के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव को अवैध बताया था। पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी यदि चुनाव को अवैध मानते हैं तो उन्हें इसके खिलाफ अदालत में याचिका दाखिल करनी चाहिए थी। उन्होंने सवाल किया कि कांग्रेस या इंडिया गठबंधन के किसी नेता ने चुनाव परिणाम को चुनौती देने के लिए अब तक ऐसी याचिका क्यों नहीं दायर की।

‘यह हिंदुस्तान आपके अब्बूजान का नहीं’

संबित पात्रा ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह किसी मुगल सम्राट के बेटे की तरह बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “यह हिंदुस्तान आपके अब्बूजान का नहीं, बल्कि हिंदुस्तानियों का है। यहां एक चायवाला भी प्रधानमंत्री बन सकता है।” उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश को अपनी जागीर समझती रही है और आम आदमी का प्रधानमंत्री बनना उसे स्वीकार नहीं हो रहा है।

रैली में भीड़ को लेकर भी उठाए सवाल

भाजपा प्रवक्ता ने रामलीला मैदान में आयोजित इंडिया गठबंधन की रैली में जुटी भीड़ पर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस नेताओं ने रैली में 10 लाख लोगों के शामिल होने की बात कही थी, लेकिन मैदान में अपेक्षा के अनुरूप भीड़ नहीं पहुंची। पात्रा ने रैली में दिखाई गई भीड़ को ‘ट्रिक फोटोग्राफी’ का परिणाम बताया।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने रैली को शिव की बारात बताया था, जबकि भाजपा के अनुसार यह एक अराजक और अनुशासनहीन आयोजन था।

राहुल-प्रियंका के बीच मतभेद का दावा

संबित पात्रा ने कांग्रेस के भीतर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के बीच मतभेद होने का भी दावा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के कार्यक्रमों में प्रियंका गांधी को पर्याप्त बोलने का अवसर नहीं दिया जा रहा है। भाजपा ने सवाल उठाया कि क्या कांग्रेस में नेतृत्व को लेकर अंदरूनी खींचतान चल रही है।

गौरतलब है कि इंडिया गठबंधन ने एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली आयोजित की थी। इसके जवाब में भाजपा ने देश के विभिन्न हिस्सों में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ मार्च निकाले।

Popular Articles