Top 5 This Week

Related Posts

आसियान शिखर सम्मेलन में शामिल होने मनीला जाएंगे पीएम मोदी, समुद्री सुरक्षा और व्यापार पर रहेगा जोर

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार को दो दिवसीय दौरे पर फिलीपींस की राजधानी मनीला रवाना होंगे। इस दौरान वह 23वें भारत-आसियान शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इन बैठकों में समुद्री सुरक्षा, क्षेत्रीय स्थिरता, रक्षा सहयोग और व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने पर विशेष जोर रहने की उम्मीद है।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर के निमंत्रण पर 16 और 17 नवंबर को मनीला में रहेंगे। राष्ट्रपति मार्कोस 16 नवंबर को विभिन्न देशों के नेताओं के सम्मान में रात्रिभोज आयोजित करेंगे। इसके बाद 17 नवंबर को दोनों प्रमुख शिखर सम्मेलनों की बैठकें होंगी। प्रधानमंत्री की अन्य देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय मुलाकातें भी प्रस्तावित हैं।

भारत की एक्ट ईस्ट नीति का अहम हिस्सा आसियान

आसियान (दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों का संगठन) के साथ संबंध भारत की एक्ट ईस्ट नीति का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। भारत और आसियान के बीच वर्ष 2026 को समुद्री सहयोग वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। सम्मेलन में व्यापक रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा के साथ वर्ष 2026-30 की कार्ययोजना पर भी चर्चा होगी।

विदेश मंत्रालय के सचिव (पूर्व) रुद्रेंद्र टंडन के अनुसार, दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ मजबूत रणनीतिक संबंध भारत और पूरे क्षेत्र के हित में हैं। भारत का मानना है कि बढ़ता सहयोग हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने में मददगार होगा।

122 अरब डॉलर के व्यापार पर भी चर्चा

भारत और आसियान देशों के बीच सालाना व्यापार करीब 122 अरब डॉलर का है। भारत वस्तु व्यापार समझौते (AITIGA) की समीक्षा जल्द पूरी करने का प्रयास कर रहा है, ताकि व्यापारिक असंतुलन कम हो और बाजार तक पहुंच बेहतर बनाई जा सके।

ब्रह्मोस और समुद्री सुरक्षा पर नजर

सम्मेलन में रक्षा और समुद्री सहयोग भी प्रमुख मुद्दे होंगे। फिलीपींस ने वर्ष 2022 में भारत से ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल खरीदने के लिए 37.5 करोड़ डॉलर का समझौता किया था। दक्षिण चीन सागर में सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय समुद्री कानूनों के पालन का मुद्दा भी चर्चा में रह सकता है।

इसके अलावा म्यांमार की स्थिति और हिंद-प्रशांत क्षेत्र के बदलते भू-राजनीतिक हालात पर भी विचार-विमर्श होने की संभावना है। इस दौरे को दक्षिण-पूर्व एशिया में भारत की रणनीतिक और आर्थिक साझेदारी मजबूत करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Popular Articles