Top 5 This Week

Related Posts

छात्रा का आठ लाख का सामान लेकर फरार हुआ रैपिडो चालक गिरफ्तार, गहने और नकदी बरामद

देहरादून। राजधानी के प्रेमनगर क्षेत्र में बीटेक की छात्रा का सूटकेस और कीमती सामान लेकर फरार हुए रैपिडो ऑटो चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से करीब आठ लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य सामान बरामद किया गया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल ऑटो भी कब्जे में ले लिया है।

प्रेमनगर थाना प्रभारी गिरीश नेगी के अनुसार, डूंगा स्थित पीजी में रहने वाली बीटेक छात्रा आस्तिका यादव ने पुलिस को शिकायत दी थी कि सात नवंबर को उन्हें दीपावली पर अपने माता-पिता से मिलने दिल्ली जाना था। इसके लिए उन्होंने रेलवे स्टेशन जाने के लिए ऑनलाइन रैपिडो ऑटो बुक किया था।

ऑटो चालक के पहुंचने पर छात्रा ने अपना सूटकेस और लैपटॉप ऑटो में रख दिया। इसके बाद वह कमरे में ताला लगाने चली गईं। इसी दौरान चालक सामान लेकर फरार हो गया। जब छात्रा ने रैपिडो एप चेक किया तो पता चला कि चालक ने राइड भी कैंसिल कर दी थी।

सूटकेस में थे सोने-चांदी के गहने

चोरी हुए सूटकेस में सोने की मटरमाला, चांदी की पायल, अंगूठी, मोबाइल फोन, हेडफोन, 20 हजार रुपये नकद, चांदी का गिलास, थाली, कटोरियां, महंगी साड़ियां, चुनरी और कॉस्मेटिक का सामान रखा था। इसकी कुल कीमत करीब आठ लाख रुपये आंकी गई है।

झाझरा बैरियर से आरोपी गिरफ्तार

शिकायत के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही रैपिडो कंपनी से चालक और वाहन की जानकारी जुटाई। मुखबिर की सूचना पर 14 नवंबर की रात पुलिस ने झाझरा बैरियर चेकपोस्ट के पास आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी की पहचान कमलेश कुमार (29), निवासी पीलीभीत (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी जमनपुर, सेलाकुई के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी चोरी के गहने बेचकर शहर से बाहर भागने की तैयारी में था। इससे पहले ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

Popular Articles