एक दिन पहले भी हुआ था हादसा, फिर भी नहीं चेती व्यवस्था; तेज रफ्तार और बेलगाम यातायात पर कार्रवाई के दावों के बीच एक और जिंदगी खत्म
हल्द्वानी। शहर की सड़कों पर हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। हर दिन तेज रफ्तार किसी न किसी घर का चिराग बुझा रही है, लेकिन यातायात व्यवस्था सुधारने के दावे हादसों के बाद ही याद आते हैं। सोमवार सुबह गोला बाईपास पर एक बार फिर मौत ने दस्तक दी। इंदिरा नगर रेलवे फाटक के सामने तेज टक्कर के बाद बाइक सवार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। स्कॉर्पियो और बाइक की भिड़ंत इतनी भीषण थी कि हादसे में बाइक सवार का एक पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। एक दिन पहले भी इसी मार्ग पर दुर्घटना होने के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
मोड़ लेते ही मौत बनकर आई स्कॉर्पियो
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह 9:30 बजे बाइक संख्या यू के06 बी के 0927 का चालक गोला बाईपास से शनि बाजार रोड की ओर जाने के लिए बाइक मोड़ रहा था। इसी दौरान सामने से आई स्कॉर्पियो ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार सड़क पर जा गिरा और गंभीर चोटों के चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मृतक के पैर का पंजा शरीर से अलग हो गया था। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई।
शक्तिफार्म के प्रदीप हलदार की गई जान
सूचना मिलते ही बनभूलपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक की पहचान प्रदीप हलदार पुत्र अनंत हलदार निवासी गोविंदनगर, शक्तिफार्म, ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को एंबुलेंस से भिजवाया। तलाशी के दौरान मृतक के पास से नकदी और अन्य जरूरी सामान भी मिला।
गोला बाईपास पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने यातायात सुरक्षा की पोल खोलकर रख दी है। एक दिन पहले भी इसी मार्ग पर हादसा हुआ था और सोमवार सुबह एक और जिंदगी सड़क की भेंट चढ़ गई। पुलिस समय-समय पर चेकिंग अभियान चलाकर तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई का दावा करती है, लेकिन सवाल यह है कि आखिर इन अभियानों के बावजूद सड़क पर मौत की रफ्तार क्यों नहीं थम रही?
आखिर कितनी और जिंदगियां निगलने के बाद गोला बाईपास की सुरक्षा व्यवस्था जागेगी? हादसों के बाद जांच और कार्रवाई अपनी जगह है, लेकिन जरूरत उस व्यवस्था की है जो हादसा होने से पहले किसी की जान बचा सके।





