नई दिल्ली। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से नई दिल्ली स्थित उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री को हैदराबाद में 11 से 22 दिसंबर तक आयोजित होने वाले आठवें खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2026 के उद्घाटन और समापन समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री ने राज्य की लंबित सिंचाई परियोजनाओं को मंजूरी देने और उनके लिए अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया।
मुलाकात के दौरान तेलंगाना के सिंचाई मंत्री एन. उत्तम कुमार रेड्डी, खेल मंत्री वाकिटि श्रीहरि और केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को खेल आयोजन की तैयारियों और इसके लोगो एवं शुभंकर की जानकारी दी।
8वें खेलो इंडिया यूथ गेम्स की मेजबानी करेगा तेलंगाना
तेलंगाना पहली बार खेलो इंडिया यूथ गेम्स की मेजबानी करने जा रहा है। 11 से 22 दिसंबर तक आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं में देशभर के करीब आठ हजार खिलाड़ियों और प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है। खेलों का आयोजन हैदराबाद सहित छह शहरों में किया जाएगा। प्रतियोगिता में 27 खेल विधाएं और दो प्रदर्शन खेल शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस आयोजन से राज्य के युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। साथ ही खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों को तैयार करने में मदद मिलेगी।
सिंचाई परियोजनाओं के लिए मांगे पांच हजार करोड़ रुपये
बैठक में मुख्यमंत्री ने पालमुरु-रंगारेड्डी, सीतम्मा सागर और डिंडी जैसी लंबित सिंचाई परियोजनाओं के लिए केंद्र से शीघ्र मंजूरी और आर्थिक सहायता मांगी। राज्य सरकार ने विशेष पूंजी निवेश सहायता योजना के तहत अतिरिक्त पांच हजार करोड़ रुपये उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। यह राशि उन परियोजनाओं को पूरा करने के लिए मांगी गई है, जिनका 70 से 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।
तेलंगाना सरकार ने अंतरराज्यीय जल विवादों के समाधान और लंबित परियोजनाओं की पर्यावरणीय मंजूरी में तेजी लाने का भी आग्रह किया। राज्य सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से किसानों को सिंचाई सुविधा मिलेगी और कृषि क्षेत्र को मजबूती मिलेगी।





