Top 5 This Week

Related Posts

KPSC भर्ती घोटाले में ED की बड़ी कार्रवाई, निलंबित अध्यक्ष शिवशंकरप्पा साहुकार और सदस्य बीवी गीता गिरफ्तार

बेंगलुरु। कर्नाटक लोक सेवा आयोग (KPSC) में कथित भर्ती घोटाले की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए आयोग के निलंबित अध्यक्ष शिवशंकरप्पा एस. साहुकार और सदस्य बीवी गीता को गिरफ्तार कर लिया। दोनों पर सरकारी नौकरियों में कथित अनियमितताओं और धन के लेनदेन से जुड़े मामले में जांच चल रही थी।

ED ने मंगलवार को बेंगलुरु के डॉलर्स कॉलोनी स्थित साहुकार के आवास पर दोबारा तलाशी ली। अधिकारियों ने कई घंटे तक उनसे पूछताछ की। जांच एजेंसी के अनुसार, तलाशी के दौरान भर्ती प्रक्रिया, बैंक खातों, संपत्तियों और वित्तीय लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की गई। मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य डिजिटल उपकरण भी जब्त किए गए।

पशु चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती से जुड़ा मामला

जांच का मुख्य केंद्र KPSC द्वारा कराई गई पशु चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती परीक्षा में कथित गड़बड़ी है। आरोप है कि परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र लीक किया गया और कुछ अभ्यर्थियों से सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर बड़ी रकम ली गई। ED इस मामले में कथित रिश्वत और उससे जुड़े धन के लेनदेन की जांच कर रही है।

इस मामले में पहले निलंबित IAS अधिकारी और KPSC के पूर्व परीक्षा नियंत्रक ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार तथा कथित बिचौलिये बसवराज कन्नाले को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। साहुकार और गीता की गिरफ्तारी के बाद मामले में गिरफ्तार आरोपितों की संख्या चार हो गई है।

जांच एजेंसी यह भी पता लगाने में जुटी है कि कथित भर्ती रैकेट का इस्तेमाल अन्य KPSC परीक्षाओं में भी किया गया था या नहीं। 2024 से 2026 के बीच हुई कई भर्ती परीक्षाओं को जांच के दायरे में रखा गया है।

ED दोनों आरोपितों को अदालत में पेश कर उनकी हिरासत मांग सकती है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Popular Articles