अहमदाबाद। भारत और ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीमों के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे दूसरे अनौपचारिक टेस्ट मैच के दौरान स्टेडियम को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी ई-मेल के जरिए दी गई थी। उस समय दोनों टीमों के खिलाड़ी स्टेडियम में मौजूद थे।
धमकी मिलने के बाद गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन ने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी। इसके बाद साइबर सेल की टीम स्टेडियम पहुंची और ई-मेल की जांच शुरू की। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक सुरक्षा जांच की।
पुलिस की जांच में सामने आया कि स्टेडियम को भेजा गया धमकी भरा ई-मेल फर्जी था। एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई और जांच पूरी की गई। बताया गया कि धमकी के बारे में खिलाड़ियों को तत्काल जानकारी नहीं दी गई थी, ताकि मैच के दौरान अनावश्यक अफरा-तफरी न मचे।
नरेंद्र मोदी स्टेडियम के अलावा अहमदाबाद के करीब 10 स्कूलों को भी इसी तरह धमकी भरे ई-मेल मिलने की जानकारी सामने आई। पुलिस और बम निरोधक दस्तों ने स्कूलों में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन किसी भी स्थान से कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
इस बीच भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मुकाबला जारी रहा। भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 को 10 विकेट से हराकर दो मैचों की अनौपचारिक टेस्ट सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली। भारतीय गेंदबाज तन्मय बलोदा ने दोनों पारियों में कुल 14 विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई।




