Top 5 This Week

Related Posts

पीएम मोदी ने सरकार प्रमुख के रूप में पूरे किए 25 वर्ष, देश-विदेश के नेताओं ने दी बधाई

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरकार प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस अवसर पर देश और विदेश के कई नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को अथक परिश्रम, संकल्प और राष्ट्र को सर्वोपरि रखने की भावना से जुड़ा बताया।

अमित शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में मोदी की सेवा, संघर्ष और समर्पण की यात्रा गरीबों, महिलाओं और युवाओं के कल्याण का पर्याय बन गई है। उन्होंने जन-केंद्रित नीतियों, उनके प्रभावी क्रियान्वयन और निर्णय लेने में दृढ़ता व पारदर्शिता को मोदी के शासन की प्रमुख विशेषताएं बताया।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी प्रधानमंत्री मोदी को लंबे समय से देश और जनता की सेवा के प्रति समर्पित बताया। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि मोदी के 25 वर्ष केवल एक कार्यकाल नहीं, बल्कि स्पष्ट दृष्टि, दृढ़ संकल्प और आधुनिक भारत के निर्माण की महत्वपूर्ण यात्रा हैं। 

सहयोगी दलों ने भी की सराहना

एनडीए के सहयोगी दलों के नेताओं ने भी प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन की सराहना की। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और तेदेपा नेता एन. चंद्रबाबू नायडू ने इसे प्रधानमंत्री की यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव बताया। वहीं, अन्नाद्रमुक नेता कोवई सथ्यान ने मोदी की प्रशासनिक क्षमता और भारत की वैश्विक भूमिका मजबूत करने के प्रयासों की प्रशंसा की। 

जापान से फिलीपींस तक बधाई संदेश

प्रधानमंत्री मोदी को जापान, फिलीपींस, नाइजीरिया, बेल्जियम, भूटान और दक्षिण कोरिया समेत कई देशों के नेताओं ने बधाई संदेश भेजे। जापान की प्रधानमंत्री सानाए ताकाइची ने मोदी के नेतृत्व और भारत-जापान संबंधों को मजबूत करने में उनके योगदान की सराहना की। नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला अहमद तिनुबू ने 25 वर्षों के नेतृत्व को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। 

प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर देशवासियों के प्रति आभार जताते हुए 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प दोहराया और कहा कि वह महत्वाकांक्षा नहीं, बल्कि मिशन के लिए काम करने में विश्वास रखते हैं। 

Popular Articles