जाम से बेहाल शहर, नशे का फैलता जाल, महिला सुरक्षा और चुनावी परीक्षा—एसएसपी अर्पण यदुवंशी के सामने चुनौतियों का पहाड़
हल्द्वानी। नैनीताल जिले की पुलिस कमान बदल गई, लेकिन शहर की समस्याएं जस की तस हैं। जाम से जूझती सड़कें, नशे के फैलते कारोबार, महिलाओं की सुरक्षा और आगामी चुनाव की चुनौती—इन सबके बीच नए एसएसपी अर्पण यदुवंशी ने जिले की कमान संभाल ली है। पदभार ग्रहण करते ही पुलिस अधिकारियों और जवानों ने उन्हें सलामी देकर स्वागत किया।
कमान संभालने के बाद नए कप्तान ने अपनी प्राथमिकताएं साफ कर दीं। यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाना, नशे के कारोबार पर प्रहार करना और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर प्रभावी कदम उठाना उनकी कार्ययोजना में शामिल है। उन्होंने संकेत दिए कि इन मोर्चों पर पुलिस की सक्रियता बढ़ाई जाएगी और व्यवस्था को बेहतर बनाने के प्रयास होंगे।
लेकिन सबसे अहम इम्तिहान आगामी चुनाव का है। चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष माहौल में संपन्न कराना पुलिस के लिए बड़ी जिम्मेदारी होगी। कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर नजर रखने और किसी भी अराजक स्थिति को रोकने की चुनौती भी नए कप्तान के सामने रहेगी।
कप्तान की कुर्सी नई है, लेकिन समस्याओं की फाइल पुरानी। अब जनता को भाषण नहीं, सड़कों पर राहत, नशे के खिलाफ ठोस कार्रवाई और सुरक्षा का भरोसा चाहिए। अर्पण यदुवंशी के लिए असली कप्तानी सलामी से नहीं, जमीन पर दिखने वाले बदलाव से साबित होगी।





