Top 5 This Week

Related Posts

चीन के चिड़ियाघर ने वायरल तेंदुए का डाइट प्लान किया बंद, मोटे शरीर के कारण इंटरनेट पर बना सेलिब्रिटी

बीजिंग। चीन के एक चिड़ियाघर में अपने भारी-भरकम शरीर के कारण इंटरनेट पर मशहूर हुए तेंदुए का वजन घटाने की कोशिश अब बंद कर दी गई है। 19 वर्षीय इस तेंदुए का नाम पान बाओबाओ है। दक्षिण-पश्चिम चीन के पांझिहुआ चिड़ियाघर में रहने वाला यह तेंदुआ अपनी गोल-मटोल काया के कारण सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

2024 में वायरल हुआ था वीडियो

पान बाओबाओ पहली बार मार्च 2024 में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। पर्यटकों ने उसके वीडियो और तस्वीरें साझा की थीं। उसका भारी शरीर देखकर लोगों ने उसकी तुलना डिज्नी की एनिमेटेड फिल्म ‘जूटोपिया’ के मोटे चीते ऑफिसर क्लॉहाउजर से करनी शुरू कर दी। इसके बाद उसे देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक चिड़ियाघर पहुंचने लगे।

विशेषज्ञों की सलाह पर बंद किया डाइट प्लान

तेंदुए के बढ़ते वजन को देखते हुए चिड़ियाघर प्रशासन ने वर्ष 2024 में उसका विशेष डाइट प्लान तैयार किया था। उसके भोजन की मात्रा कम की गई और शारीरिक गतिविधियों के लिए रहने की जगह भी बढ़ाई गई। हालांकि, विशेषज्ञों से सलाह लेने के बाद वजन घटाने की कोशिश बंद कर दी गई।

चिड़ियाघर के अधिकारियों का कहना है कि बाओबाओ अब काफी उम्रदराज हो चुका है। इस उम्र में जबरन वजन कम कराने से उसकी सेहत और आराम पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसलिए अब प्राथमिकता उसका वजन घटाने के बजाय मौजूदा स्वास्थ्य बनाए रखना है।

रोज खाता है गोमांस और चिकन

चिड़ियाघर के कर्मचारियों के मुताबिक, बाओबाओ को प्रतिदिन लगभग आधा किलो गोमांस और चिकन दिया जाता है। हालिया स्वास्थ्य जांच में उसकी स्थिति संतोषजनक पाई गई है। उसका वजन भी फिलहाल स्थिर बताया जा रहा है।

बढ़ाया गया रहने का स्थान

इंटरनेट पर लोकप्रियता मिलने के बाद चिड़ियाघर प्रशासन ने उसके बाड़े का आकार भी दोगुना कर दिया है, ताकि उसे घूमने-फिरने के लिए अधिक जगह मिल सके।

चिड़ियाघर प्रशासन का कहना है कि बाओबाओ की उम्र को देखते हुए उसे तनाव देने के बजाय आरामदायक वातावरण देना अधिक जरूरी है। अब यह तेंदुआ अपने प्रशंसकों के बीच अपनी खास पहचान बनाए हुए है।

Popular Articles