निजी अस्पताल से एसटीएच पहुंचा किशोर, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया; शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव, मौत की वजह अब भी रहस्य
हल्द्वानी। महज 15 साल की उम्र… हाथों में किताबें, आंखों में भविष्य के सपने और जिंदगी में आगे बढ़ने की उम्र। लेकिन एक परिवार का चिराग गुरुवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में बुझ गया। नगर निगम के पूर्व स्वास्थ्य अधिकारी के दसवीं में पढ़ने वाले बेटे की घर में ग्रिल से लटका शव मिलने की घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। किशोर को बचाने की कोशिश में परिजन अस्पताल-दर-अस्पताल दौड़े, मगर तमाम उम्मीदें चिकित्सकों के उसे मृत घोषित करते ही टूट गईं।
गुरुवार देर शाम किशोर घर में ग्रिल से लटका मिला। आनन-फानन में परिजन उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से उसे सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय (एसटीएच) रेफर किया गया। परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। घर में उठी चीख-पुकार के बीच परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।
सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। मृतक के पिता डॉ. मनोज कांडपाल नगर निगम में पूर्व स्वास्थ्य अधिकारी रह चुके हैं। घटना की खबर से परिचितों और आसपास के लोगों में भी शोक की लहर दौड़ गई।
सीओ लव शर्मा के मुताबिक, किशोर की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसकी वजह स्पष्ट नहीं है। परिजनों से जानकारी जुटाई जा रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
आखिर क्या हुआ था उस किशोर के साथ? वह किन परिस्थितियों से गुजर रहा था, घटना से पहले क्या हुआ और मौत के पीछे क्या वजह रही—इन सवालों के जवाब फिलहाल जांच के दायरे में हैं। 15 साल की उम्र में एक जिंदगी का यूं थम जाना परिवार के लिए ऐसा जख्म छोड़ गया है, जिसकी भरपाई शायद कभी नहीं हो सकेगी।





