वाशिंगटन। अमेरिका के पूर्वी हिस्से में थैंक्सगिविंग के मौके पर आए शक्तिशाली तूफान ने व्यापक तबाही मचाई है। तेज हवाओं, मूसलाधार बारिश और तटीय इलाकों में बाढ़ के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। गुरुवार शाम तक करीब 9 लाख बिजली उपभोक्ताओं के घरों और कारोबारों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। तूफान के कारण हवाई और सड़क यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
112 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाएं
तूफान के दौरान पूर्वी तट के कई इलाकों में हवाओं की रफ्तार 112 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई। तेज हवाओं के कारण पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए, जिससे बड़े पैमाने पर बिजली आपूर्ति बाधित हुई। पेंसिल्वेनिया में 2.13 लाख से अधिक, वर्जीनिया में 1.5 लाख से अधिक और मिसूरी में करीब 1.2 लाख उपभोक्ता बिजली संकट से प्रभावित हुए।
सैकड़ों उड़ानें रद, हजारों में देरी
खराब मौसम का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटअवेयर के अनुसार, गुरुवार को अमेरिका में 350 से अधिक उड़ानें रद हुईं और करीब 700 उड़ानों में देरी दर्ज की गई। हजारों यात्रियों को एयरपोर्ट पर परेशानी का सामना करना पड़ा। कई प्रमुख सड़कों और पुलों पर भी यातायात प्रभावित हुआ।
100 साल पुरानी परेड भी टली
तूफान का असर न्यूयॉर्क की प्रसिद्ध मैसीज थैंक्सगिविंग डे परेड पर भी पड़ा। खराब मौसम और तेज हवाओं के खतरे को देखते हुए इसकी 100वीं वर्षगांठ पर आयोजित होने वाली परेड को गुरुवार से स्थगित कर शनिवार तक के लिए टाल दिया गया। मौसम संबंधी कारणों से परेड के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है।
कई राज्यों में आपातकाल
न्यू जर्सी के गवर्नर ने राज्य में आपातकाल घोषित कर दिया है। न्यूयॉर्क के कुछ हिस्सों में भी आपातकालीन उपाय लागू किए गए हैं। मौसम विभाग ने पूर्वी तट के निचले इलाकों में तटीय बाढ़ और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है।
अधिकारियों ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, तूफान के कमजोर पड़ने के बावजूद कुछ इलाकों में तेज हवाओं और बाढ़ का खतरा बना रह सकता है।





