जेवर बेचकर जुटाए 2.29 लाख नकद बरामद, पुलिस ने चोरी का माल और रकम दोनों बरामद किए
हल्द्वानी। घर में गीजर ठीक करने के बहाने घुसा शख्स भरोसे की आड़ में चोरी कर गया। अलमारी से सोने के जेवर उड़ाने के बाद आरोपी ने उन्हें बेचकर नकदी जुटा ली, लेकिन पुलिस की पड़ताल में उसकी चाल ज्यादा दिन नहीं चल सकी। सीसीटीवी फुटेज और सुरागरसी के आधार पर पुलिस ने आरोपी को दबोचकर चोरी के कड़े और जेवर बेचकर हासिल किए गए लाखों रुपये बरामद कर लिए।
गुरुनानकपुरा निवासी अतुल नागपाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 17 नवंबर को आसिफ नाम का व्यक्ति उनके घर गीजर ठीक करने के बहाने आया था। इसी दौरान उसने घर की अलमारी से सोने के जेवर चोरी कर लिए। शिकायत पर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी का जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए। एसपी सिटी हरबंस सिंह और सीओ लव शर्मा के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक रोहताश सागर के नेतृत्व में पुलिस टीम जुटी। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और सुराग जुटाने के बाद आरोपी की पहचान आसिफ पुत्र शमीम अहमद के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से पांच तोला सोना और 2,29,000 रुपये नकद बरामद किए। पुलिस के मुताबिक, नकदी चोरी के जेवर बेचकर जुटाई गई थी। बरामदगी के बाद मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।
सफलता पाने वाली टीम में कृपाल सिंह, प्रभारी चौकी भोटियापड़ाव; कांस्टेबल विजय भारद्वाज और कांस्टेबल सतवीर सिंह। शामिल थे।
पुलिस टीम की इस कार्रवाई पर एसएसपी नैनीताल ने 2,000 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।




