Top 5 This Week

Related Posts

ओबीसी आरक्षण में कटौती कर मुस्लिमों को आरक्षण देना चाहता है विपक्ष : पीएम मोदी, महिला आरक्षण विधेयक पर भी कांग्रेस को घेरा

नई दिल्ली। संविधान दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष, विशेषकर देश के सबसे बड़े विपक्षी दल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के आरक्षण में कटौती कर मुस्लिमों को आरक्षण देना चाहती है। प्रधानमंत्री ने कहा कि संविधान निर्माताओं और विशेष रूप से डॉ. भीमराव आंबेडकर ने धर्म के आधार पर आरक्षण का समर्थन नहीं किया था।

प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को संविधान दिवस पर लिखे अपने लेख में विपक्ष की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य से प्रमुख विपक्षी दल अब विरोध पक्ष के बजाय ‘अवरोध पक्ष’ बनता जा रहा है। लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को बाधित करना संवैधानिक जिम्मेदारियों को निभाने का विकल्प नहीं हो सकता।

महिला आरक्षण विधेयक को लेकर कांग्रेस पर निशाना

प्रधानमंत्री ने संसद में महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक के पारित नहीं होने के लिए भी विपक्ष को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि विधायी संस्थाओं में महिलाओं को पर्याप्त प्रतिनिधित्व देने के उद्देश्य से लाए गए विधेयक को पारित नहीं होने देना संवैधानिक मूल्यों के प्रति अनदेखी को दर्शाता है।

मोदी ने देश की महिलाओं को भरोसा दिलाया कि उन्हें न्याय और उचित प्रतिनिधित्व दिलाने के प्रयासों को कोई ताकत नहीं रोक सकती। उन्होंने संविधान निर्माण में महिलाओं के योगदान को भी याद किया।

गौरतलब है कि अप्रैल 2026 में लोकसभा में महिला आरक्षण और परिसीमन से संबंधित संविधान (131वां संशोधन) विधेयक आवश्यक दो-तिहाई बहुमत हासिल नहीं कर सका था।

पहले और 42वें संविधान संशोधन पर भी उठाए सवाल

प्रधानमंत्री ने अपने लेख में 1951 के पहले संविधान संशोधन और आपातकाल के दौरान किए गए 42वें संविधान संशोधन का भी उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि इन संशोधनों से संवैधानिक संस्थाओं के अधिकारों और लोकतांत्रिक संतुलन पर असर पड़ा।

उन्होंने अनुच्छेद 356 के कथित दुरुपयोग का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने कई बार निर्वाचित राज्य सरकारों को बर्खास्त करने के लिए इसका इस्तेमाल किया।

नक्सलवाद के मुद्दे पर भी रखी बात

पीएम मोदी ने कहा कि नक्सलवाद ने लंबे समय तक गरीबों और आदिवासी समुदायों को उनके संवैधानिक अधिकारों से वंचित रखा। उन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ सरकार की कार्रवाई को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। साथ ही विकास कार्यों में बाधा डालने वाली विचारधाराओं के प्रति आगाह किया।

प्रधानमंत्री का यह लेख संविधान दिवस पर आया है, जब देश 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा द्वारा भारतीय संविधान अपनाए जाने की वर्षगांठ मना रहा है।

Popular Articles