Top 5 This Week

Related Posts

मिशन 2027 की तैयारी में भाजपा का बड़ा कदम, वॉर रूम से संभलेगी चुनावी कमान; धामी सरकार का रिपोर्ट कार्ड भी होगा जारी

देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में भाजपा ने बलबीर रोड स्थित प्रदेश मुख्यालय को चुनावी वॉर रूम में तब्दील कर दिया है। गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश प्रभारी राम माधव, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में विधिवत पूजा-पाठ के साथ चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया जाएगा। इसके साथ ही धामी सरकार के पांच साल के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड भी जारी किया जाएगा।

एक ही केंद्र से संचालित होंगी चुनावी गतिविधियां

भाजपा मुख्यालय में चुनाव प्रबंधन को लेकर व्यापक बदलाव किए गए हैं। पुराने पोस्टर और बैनर हटाकर सरकार की उपलब्धियों और आगामी लक्ष्यों से जुड़े नए फ्लेक्स लगाए गए हैं। पार्टी की योजना है कि अगले तीन महीनों तक प्रदेशभर की अधिकांश चुनावी गतिविधियों का संचालन इसी मुख्यालय से किया जाए।

इसके लिए कार्यालय में अलग-अलग व्यवस्थाएं बनाई गई हैं। वॉर रूम के माध्यम से चुनावी गतिविधियों की निगरानी होगी, जबकि प्रबंधन समिति संगठनात्मक समन्वय और लीगल सेल चुनाव से जुड़े कानूनी मामलों को देखेगा। विधानसभा से लेकर बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता और चुनावी तैयारियों पर भी नजर रखी जाएगी।

100 वाहनों की पार्किंग के इंतजाम

मुख्यालय में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की आवाजाही को देखते हुए पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई है। कार्यालय के पीछे अतिरिक्त परिसर में करीब 100 वाहनों की पार्किंग तैयार की गई है। इसके लिए दिशा संकेतक और कर्मचारियों की तैनाती भी की गई है।

पांच साल के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड होगा जारी

भाजपा सरकार के पांच साल के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों, रोजगार, पर्यटन, महिला सशक्तीकरण, बुनियादी ढांचे और जनकल्याणकारी योजनाओं को रिपोर्ट कार्ड में शामिल किया जाएगा। पार्टी इस रिपोर्ट को संगठन और सरकार के माध्यम से आम जनता तक पहुंचाने की तैयारी में है।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के अनुसार, भाजपा सरकार की उपलब्धियों और संगठन की मजबूती के आधार पर 2027 के विधानसभा चुनाव में बड़े बहुमत के लक्ष्य के साथ जनता के बीच जाएगी।

पार्टी ने विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने और बूथ स्तर तक अपनी पकड़ बढ़ाने की रणनीति पर काम शुरू कर दिया है।

Popular Articles