विकासनगर (देहरादून)। उत्तराखंड के देहरादून जिले के विकासनगर में एक नशा मुक्ति केंद्र के अंदर युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने केंद्र संचालक पर हत्या का आरोप लगाते हुए उसकी गिरफ्तारी की मांग की है। परिजनों का दावा है कि युवक के शरीर पर चोट के निशान थे। मामले को लेकर स्थानीय लोगों में भी आक्रोश है।
गमछे से फंदा लगाकर आत्महत्या की बात
जानकारी के अनुसार, कोतवाली विकासनगर क्षेत्र के छोटूवाला स्थित नशा मुक्ति केंद्र में मंगलवार को डाकपत्थर निवासी इमरान मृत अवस्था में मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। केंद्र संचालक ने पुलिस को बताया कि इमरान ने गमछे से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।
हालांकि, मृतक के परिजनों ने केंद्र संचालक की इस बात पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि इमरान के शरीर पर चोट के निशान मौजूद थे। इसी आधार पर उन्होंने मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है।
सीसीटीवी की डीवीआर कब्जे में, जांच शुरू
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने विरोध जताते हुए केंद्र संचालक की गिरफ्तारी की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्राधिकारी आदित्य तिवारी ने बताया कि नशा मुक्ति केंद्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर सुरक्षित कर ली गई है। पुलिस परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की परिस्थितियों का पता लगाया जाएगा।
फिलहाल युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।





