अपनों से मिलन की खुशियां समेटकर लौटने लगे मुसाफिर, बसों की कमी और ट्रेनों की देरी ने बढ़ाई यात्रियों की मुश्किलें
हल्द्वानी। त्योहारों की खुशियां, अपनों के साथ बिताए सुनहरे पल और घर-आंगन की रौनक पीछे छोड़कर अब लोग फिर अपनी कर्मभूमि की ओर लौटने लगे हैं। दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैया दूज का उल्लास थमते ही हल्द्वानी के बस अड्डे और रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का सैलाब उमड़ पड़ा है।
किसी के हाथ में सामान से भरा बैग है तो किसी की आंखों में अपनों से बिछड़ने की नमी। त्योहारों पर घर लौटे लोग अब रोजी-रोटी और नौकरी की जिम्मेदारियां निभाने के लिए अपने गंतव्य की राह पकड़ रहे हैं।
इधर, बसों की कमी और ट्रेनों की देरी ने यात्रियों का इंतजार बढ़ा दिया है। पहाड़ से मैदान और मैदान से दूसरे शहरों की ओर जाने वाले यात्री घंटों बसों और ट्रेनों का इंतजार करते नजर आ रहे हैं। वहीं, यात्रियों की भीड़ को देखते हुए टैक्सी चालकों की भी चांदी कट रही है। आरोप है कि कई जगह यात्रियों से मनमाने और महंगे किराये वसूले जा रहे हैं।
त्योहारों में घर गुलजार थे, अब सफर में स्टेशन आबाद हैं। अपनों से मिलने की खुशी के बाद बिछड़ने की घड़ी है, लेकिन पेट की खातिर हर मुसाफिर को फिर अपनी मंजिल की ओर बढ़ना है।





