नई दिल्ली। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के राष्ट्रीय पुरस्कारों की घोषणा कर दी गई है। इस बार गुजरात के अहमदाबाद और साणंद की जोड़ी ने ‘स्वच्छ शहर जोड़ी’ श्रेणी में देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं, महाराष्ट्र के नवी मुंबई को सुपर स्वच्छ लीग श्रेणी में देश का सबसे स्वच्छ शहर घोषित किया गया है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बुधवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में विजेता शहरों को सम्मानित किया। इस अवसर पर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
इंदौर और तिरुपति की जोड़ी भी सम्मानित
स्वच्छ शहर जोड़ी श्रेणी में अहमदाबाद (मेंटर सिटी) और साणंद (मेंटी सिटी) को पहला पुरस्कार मिला। इंदौर और देपालपुर की जोड़ी दूसरे तथा तिरुपति और कुप्पम की जोड़ी तीसरे स्थान पर रही। इस श्रेणी का उद्देश्य बड़े और बेहतर प्रदर्शन करने वाले शहरों के अनुभव और तकनीकी जानकारी से छोटे शहरों की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करना है।
नवी मुंबई, सूरत और विजयवाड़ा शीर्ष तीन में
सुपर स्वच्छ लीग श्रेणी में नवी मुंबई ने पहला, सूरत ने दूसरा और विजयवाड़ा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं, दस लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में विशाखापत्तनम पहले, जबलपुर दूसरे और लखनऊ तीसरे स्थान पर रहा।
तीन से दस लाख आबादी वाले शहरों में उज्जैन को पहला, चंडीगढ़ को दूसरा और गुंटूर को तीसरा स्थान मिला। 50 हजार से तीन लाख आबादी वाले शहरों में देवास पहले, नई दिल्ली नगरपालिका परिषद दूसरे और सागर तीसरे स्थान पर रहा।
उत्तराखंड के रुद्रपुर को मिला सम्मान
इस बार स्वच्छ सर्वेक्षण में पहली बार स्वच्छ हिमालयी शहर, स्वच्छ नदी तट शहर और स्वच्छ तटीय शहर जैसी श्रेणियां भी शामिल की गईं। स्वच्छ हिमालयी शहर श्रेणी में उत्तराखंड के रुद्रपुर ने पहला स्थान हासिल किया। जम्मू दूसरे और शोपियां तीसरे स्थान पर रहा।
स्वच्छ नदी तट शहरों में मध्य प्रदेश के रीवा को पहला, छत्तीसगढ़ के बिलासपुर को दूसरा और उत्तर प्रदेश के वाराणसी को तीसरा स्थान मिला। वहीं, स्वच्छ तटीय शहरों में ओडिशा का पुरी पहले स्थान पर रहा।
इस वर्ष स्वच्छ सर्वेक्षण में देशभर के 4,751 शहरों ने हिस्सा लिया। शहरों का मूल्यांकन कचरा प्रबंधन, सफाई व्यवस्था, नागरिक सुविधाओं और जनभागीदारी सहित विभिन्न मानकों पर किया गया।





