गोपेश्वर। उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल औली से शीतकालीन पर्यटन को लेकर अच्छी खबर सामने आई है। यहां करीब 15 साल से बंद पड़ी कृत्रिम बर्फ बनाने वाली मशीन का सफल ट्रायल किया गया है। खास बात यह है कि तकनीकी विशेषज्ञों ने इस मशीन को पहले कबाड़ घोषित कर दिया था, लेकिन लगातार प्रयासों के बाद इसे दोबारा चालू करने में सफलता मिली है। इससे औली में स्कीइंग और शीतकालीन खेलों के आयोजन की उम्मीद बढ़ गई है।
2011 के बाद पहली बार मशीन से बनी बर्फ
औली में वर्ष 2011 में विंटर सेफ गेम्स के दौरान करोड़ों रुपये की लागत से इटली से कृत्रिम बर्फ बनाने वाली मशीन मंगाई गई थी। इसके लिए यहां एक कृत्रिम झील भी बनाई गई थी और भोंडताल से पानी की आपूर्ति की व्यवस्था की गई थी। हालांकि, मशीन से वर्ष 2011 के बाद बर्फ नहीं बन पाई और यह लंबे समय तक बंद पड़ी रही।
वर्ष 2018 में पर्यटन विभाग ने इसकी मरम्मत कराने का प्रयास किया था। इसके लिए विदेश से विशेषज्ञ भी बुलाए गए, लेकिन उन्होंने तकनीकी खामियों के कारण मशीन को अनुपयोगी बताया था। इस वर्ष फरवरी में हिमाचल से आई विशेषज्ञों की टीम ने भी इसे मरम्मत योग्य नहीं माना था।
20 दिन की मेहनत से मिली सफलता
पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल की पहल पर मशीन को दोबारा चालू करने का प्रयास किया गया। विंटर गेम्स एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष और स्कीइंग कोच अजय भट्ट ने निश्शुल्क मरम्मत का प्रस्ताव दिया। 21 अक्टूबर को उन्हें काम शुरू करने के निर्देश मिले। करीब 20 दिन की मेहनत के बाद मंगलवार को मशीन का सफल परीक्षण किया गया।
इस दौरान झील, जनरेटर और पानी की आपूर्ति की जांच के बाद स्नो गन से बर्फीले पानी का छिड़काव किया गया।
दिसंबर में शुरू होगा बर्फ बनाने का काम
औली के 1350 मीटर लंबे स्कीइंग स्लोप पर कृत्रिम बर्फ तैयार की जाएगी। योजना के अनुसार, दिसंबर के पहले सप्ताह में अनुकूल तापमान मिलने पर नियमित रूप से बर्फ बनाने का काम शुरू किया जाएगा।
मशीन के दोबारा चालू होने से नेशनल गेम्स, स्कीइंग प्रशिक्षण और अन्य शीतकालीन खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इससे औली में पर्यटन कारोबार को भी नई गति मिल सकती है।




