Top 5 This Week

Related Posts

पुलिस को देखकर भागा युवक, थैले में मिला नशे का जखीरा; 35 इंजेक्शनों के साथ तस्कर गिरफ्तार

हल्द्वानी। शहर में नशे का कारोबार किस तरह युवाओं की जिंदगी को गिरफ्त में ले रहा है, इसकी एक और तस्वीर बनभूलपुरा में सामने आई है। पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे एक युवक के हाथ से गिरे थैले ने नशे के कारोबार का राज खोल दिया। तलाशी ली गई तो उसमें नशे के दर्जनों इंजेक्शन बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने खुद नशे का सेवन करने और बाकी इंजेक्शन बेचकर खर्च चलाने की बात कबूल की।

बनभूलपुरा थाना पुलिस के अनुसार, शाम उपनिरीक्षक बबीता मेहरा पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और संदिग्धों की चेकिंग कर रही थीं। टीम गोला पार्किंग कट से स्लेटर हाउस की ओर पैदल जा रही थी। इसी दौरान हाथ में थैला लेकर आ रहा एक युवक पुलिस को देखकर अचानक पीछे मुड़ा और तेजी से भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने पीछा किया तो वह लड़खड़ाकर बिजली के खंभे के पास गिर पड़ा। पुलिस ने उसे दबोच लिया। भागते समय उसके हाथ से थैला भी गिर गया था।

थैले की तलाशी लेने पर उसमें 35 इंजेक्शन बरामद हुए। पकड़े गए युवक की पहचान अनीस उर्फ बेदा पुत्र रफीक निवासी दुर्गा मंदिर के पास इंदिरानगर,के रूप में हुई।

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कुछ इंजेक्शन खुद नशे के लिए इस्तेमाल करता है, जबकि बाकी बेच देता है।

नशीले इंजेक्शनों के स्रोत के बारे में पूछने पर आरोपी ने सब्जी मंडी गली में रहने वाले एक व्यक्ति से इंजेक्शन लाने की बात बताई। अब पुलिस इस व्यक्ति की भूमिका और नशे की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया है।
नशे के इंजेक्शन की सप्लाई करने वाला व्यक्ति कौन है और इस कारोबार की जड़ें कितनी गहरी हैं? पुलिस की जांच अब इसी कड़ी पर टिकी है।

Popular Articles