चार माह पहले रोजगार की तलाश में अल्मोड़ा से आया था हल्द्वानी, दोनों भाइयों की शादी थी तय; एक हादसे ने उजाड़ दी परिवार की खुशियां
हल्द्वानी। जिस घर में दो भाइयों की शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम पसरा है। परिवार ने नई जिंदगी के सपने संजोए थे, लेकिन सड़क हादसे ने सारी खुशियां एक झटके में छीन लीं। मोटाहल्दू बाइपास पर तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से जा टकराई। हादसे में 22 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। चार महीने पहले ही वह रोजगार की तलाश में अल्मोड़ा से हल्द्वानी आया था।
मूल रूप से अल्मोड़ा जिले के ग्राम गल्ली, पोस्ट कफलनी (दन्या) निवासी महेंद्र कुमार पुत्र किशन राम रामपुर रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में रसोइये का काम करता था। वह रामपुर रोड से मोटाहल्दू बाइपास होते हुए बरेली रोड की ओर जा रहा था। इसी दौरान बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे एक मकान के बाहर लगे बिजली के पोल से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। महेंद्र के नाक, कान और मुंह से खून बहने लगा।
हादसे की सूचना पर टीपी नगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल महेंद्र को तत्काल सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिय
महेंद्र के बड़े भाई बसंत कुमार ने अस्पताल पहुंचकर उसकी शिनाख्त की। बसंत ने बताया कि दोनों भाइयों की शादी तय हो चुकी थी और परिवार में एक साथ विवाह की तैयारियां चल रही थीं। जिस भाई के साथ मिलकर खुशियों के दिन बिताने के सपने देखे थे, उसकी अर्थी उठने से पूरा परिवार टूट गया। टीपी नगर चौकी प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।





